मेरठ

कलयुगी औलाद ने पिता का फावड़े से फोड़ डाला सिर; लहूलुहान होकर गिरे, मामूली सी बात पर मेरठ में हुआ हत्याकांड

Son Kills Father: कलयुगी औलाद ने पिता का फावड़े से सिर फोड़ दिया। मामूली सी बात पर रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। जानिए पूरा मामला क्या है?

2 min read
Apr 29, 2026
greed for land son attacks father with a shovel dies during treatment meerut crime news
बेटे ने की पिता की हत्या। फोटो सोर्स-Ai

Son Kills Father:उत्तर प्रदेश के मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ला कैथवाड़ा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। आरोप है कि बड़े बेटे ने संपत्ति के लालच में अपने ही पिता पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी बेटा फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

15 बीघा जमीन बनी खूनी विवाद की वजह

पुलिस के मुताबिक मृतक राजेंद्र किसान थे और उनके पास करीब 15 बीघा कृषि भूमि थी। परिवार में दो बेटे अरुण और गुलशन हैं। बताया जा रहा है कि बड़ा बेटा अरुण नशे का आदी है और उसकी इस आदत के चलते उसकी शादी भी नहीं हो सकी। परिजनों के अनुसार, अरुण की हरकतों से परेशान होकर राजेंद्र ने अपनी जमीन छोटे बेटे गुलशन के नाम कर दी थी। यही फैसला बाद में खूनी विवाद की वजह बन गया।

जमीन छोटे भाई के नाम होने पर भड़का अरुण

जैसे ही अरुण को पता चला कि पिता ने सारी जमीन उसके छोटे भाई के नाम कर दी है, वह आगबबूला हो गया। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से इस बात को लेकर पिता से नाराज चल रहा था। सोमवार को वह घर पहुंचा और जमीन को लेकर पिता से झगड़ा शुरू कर दिया। कहासुनी धीरे-धीरे हिंसक विवाद में बदल गई।

फावड़े से सिर पर हमला, लहूलुहान होकर गिरे पिता

आरोप है कि विवाद के दौरान अरुण ने पहले पिता के साथ मारपीट की और फिर घर में रखा फावड़ा उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया। फावड़े का वार इतना जोरदार था कि राजेंद्र लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। बताया जा रहा है कि हमला करने के बाद आरोपी ने पिता को मृत समझा और मौके से फरार हो गया।

घर में मची चीख-पुकार, अस्पताल में मौत

मेरठ में हुई घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गंभीर हालत में घायल राजेंद्र को पुलिस की मदद से मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद यह मामला हत्या में बदल गया है और गांव में घटना को लेकर चर्चा तेज है।

हत्या के प्रयास से हत्या में बदली धाराएं

थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पहले आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन राजेंद्र की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं। पुलिस ने आरोपी अरुण की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश शुरू कर दी है।

आरोपी बेटा फरार, पुलिस तलाश में जुटी

घटना के बाद से आरोपी अरुण फरार है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी देहात अभिजीत कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में जमीन विवाद और पारिवारिक तनाव हत्या की मुख्य वजह सामने आई है।

नशे की लत और संपत्ति विवाद ने उजाड़ा परिवार

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी अरुण की नशे की आदत लंबे समय से परिवार के लिए परेशानी बनी हुई थी। यही वजह रही कि पिता ने संपत्ति छोटे बेटे के नाम कर दी थी। लेकिन यह फैसला पिता की जान पर भारी पड़ गया।