
यूट्यूबर शादाब जकाती फिर चर्चा में। फोटो सोर्स- फेसबुक (Shadab Hasan)
Famous Youtuber Shadab Jakati Case Update: उत्तर प्रदेश के मेरठ के हापुड़ रोड पर शोरूम उद्घाटन के दौरान भारी भीड़ जुटने और सड़क जाम होने के मामले में दर्ज मुकदमे में यूट्यूबर शादाब जकाती सोमवार को नौचंदी थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस के सामने पेश होकर जमानत कराई और अपनी गलती भी स्वीकार की। मामले को लेकर पुलिस ने आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
रविवार को शादाब जकाती ने हापुड़ रोड स्थित अपने ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन कराया था। इस कार्यक्रम में क्रिकेटर रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह भी पहुंची थीं। उनके आने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि सड़क पर यातायात बाधित हो गया और हापुड़ रोड पर लंबा जाम लग गया। लोग सेल्फी लेने, वीडियो बनाने और सोशल मीडिया के लिए कंटेंट तैयार करने में जुटे दिखाई दिए, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई।
जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। SP सिटी विनायक गोपाल भोसले के निर्देश पर नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और जाम खुलवाया। इसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
मामले में एल ब्लॉक शास्त्रीनगर चौकी प्रभारी हेमंत सागर की ओर से FIR दर्ज कराई गई। FIR में शादाब जकाती और अज्ञात लोगों पर सड़क बाधित करने, जाम लगाने और बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने के आरोप लगाए गए। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के लिए ना तो प्रशासन से अनुमति ली गई थी और ना ही पुलिस को कोई पूर्व सूचना दी गई थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद सोमवार को शादाब जकाती खुद नौचंदी थाने पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और मामले में अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। इसके बाद उन्हें थाने से जमानत दे दी गई। सूत्रों के मुताबिक शादाब ने माना कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ को लेकर पर्याप्त प्रबंधन नहीं हो पाया, जिसकी वजह से यह स्थिति बनी।
SP सिटी ने साफ किया है कि मामले में केवल जमानत मिलने से कार्रवाई खत्म नहीं होगी। पुलिस इस केस में चार्जशीट दाखिल करेगी और जांच आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की वजह से सड़क जाम और अव्यवस्था फैली, उनकी वीडियो फुटेज भी कब्जे में ले ली गई है। वीडियो के आधार पर पहचान कर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब सोशल मीडिया वीडियो और मौके पर रिकॉर्ड फुटेज की मदद से उन लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने भीड़ बढ़ाने, रास्ता रोकने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने में भूमिका निभाई। अधिकारियों का कहना है कि यदि जरूरत पड़ी तो अन्य लोगों पर भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।
इस घटना के बाद प्रशासन बिना अनुमति आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर सख्त नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है, अन्यथा कानूनन कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
07 May 2026 01:19 pm
Published on:
28 Apr 2026 12:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
