28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैंगस्टर गुलफाम को उतारा मौत के घाट! चाकू से दो बार वार और खेल खत्म; मीट फैक्टरी में काम करने वाले भाई ने मसूरी में किया मर्डर

Gangster Gulfam Murdered: गैंगस्टर गुलफाम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मीट फैक्टरी में काम करने वाले उसके ही भाई ने उसकी हत्या कर दी। जानिए पूरा मामला क्या है?

3 min read
Google source verification

मेरठ

image

Harshul Mehra

Apr 28, 2026

murder outside meat factory caused sensation gangster gulfam stabbed to death meerut

गैंगस्टर गुलफाम की चाकू मारकर हत्या। फोटो सोर्स-ai

Gangster Gulfam Murdered: गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र स्थित भूड़गढ़ी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब मेरठ के गैंगस्टर गुलफाम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात मीट फैक्टरी के सामने हुई, जहां गुलफाम अपने चचेरे भाई आरिफ से मिलने पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे शराब के नशे में हुआ विवाद और पुरानी रंजिश दोनों वजहें सामने आ रही हैं।

चचेरे भाई ने किया हमला, मौके से भागा

कार्यवाहक एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे गुलफाम और उसका चचेरा भाई आरिफ मीट फैक्टरी के सामने नाले के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि नशे की हालत में आरिफ ने गुलफाम की सब्जी की ठेली से चाकू उठाया और उसके सीने पर दो बार वार किया। हमला इतना घातक था कि गुलफाम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरिफ मीट फैक्टरी में ही काम करता है।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घटना की सूचना पर पहुंची मसूरी पुलिस ने घायल गुलफाम को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हत्या की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस से बचने के लिए मसूरी में छिपकर रह रहा था गुलफाम

पुलिस के मुताबिक गुलफाम मूल रूप से मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर स्थित कुरेशियान मोहल्ले का रहने वाला था। वह करीब ढाई महीने पहले शाहजहांपुर से भागकर मसूरी आया था और यहां रेलवे स्टेशन रोड पर किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह यहां सब्जी बेचकर गुजर-बसर कर रहा था और पुलिस से बचने के लिए गुमनामी में रह रहा था।

गैंगस्टर एक्ट में था नामजद

थाना किठौर पुलिस के अनुसार गुलफाम के खिलाफ वर्ष 2021 में गोहत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में 2023 में उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया था। उसके आपराधिक रिकॉर्ड के चलते पुलिस पहले से उस पर नजर रखे हुए थी।

आरोपी आरिफ को हिरासत में लिया गया

पुलिस ने वारदात के बाद दबिश देकर आरोपी आरिफ को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का घर भी किठौर के शाहजहांपुर के उसी मोहल्ले में है, जहां गुलफाम का परिवार रहता है। आरिफ के खिलाफ भी पहले मारपीट का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

रिश्तेदारी में भाई भी, साढ़ू भी और मौसेरे भाई भी

इस हत्याकांड की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गुलफाम और आरिफ के बीच सिर्फ चचेरे भाई का रिश्ता नहीं था, बल्कि दोनों साढ़ू और मौसेरे भाई भी बताए जा रहे हैं। इस करीबी रिश्ते के बावजूद दोनों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था।

पुरानी रंजिश भी हत्या की वजह?

परिजनों के मुताबिक करीब दो-तीन महीने पहले आरिफ अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। उस दौरान गुलफाम ने हस्तक्षेप कर उसकी पत्नी को बचाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और तभी से आरिफ रंजिश मानने लगा था। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या सिर्फ नशे में हुए विवाद का नतीजा थी या पुरानी दुश्मनी पहले से वजह बनी हुई थी।

मीट फैक्टरी के बाहर लगाता था सब्जी का ठेला

परिजनों के मुताबिक गुलफाम डासना में आरिफ की मीट फैक्टरी के बाहर सब्जी का ठेला लगाता था। यही वजह थी कि दोनों की मुलाकातें होती रहती थीं। लेकिन सोमवार को यही जगह खूनी वारदात की गवाह बन गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गुलफाम की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। पिता को शाम को हत्या की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे शराब के नशे में विवाद, पुरानी रंजिश और आपसी रिश्तों में तनाव समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।