मेरठ

VIDEO: चार साल पहले किया था प्रेम विवाह, पति ने बेटे के साथ घर से निकालकर बोल दिया…तलाक

Highlights बेटे के साथ एसएसपी से गुहार लगाने पहुंची पीड़िता पति पर ससुराल के लोगों के बहकावे में आने का आरोप मायके वालों ने भी घर में रखने से कर दिया इनकार  

2 min read
Jan 07, 2020
meerut

मेरठ। कानून बनने के बाद भी तीन तलाक (Teen Talaq) के मामलों में कमी नहीं आ रही है। आए दिन तीन तलाक के मामले सामने आ रहे हैं। थाना स्तर पर कार्रवाई न होने पर अधिकांश पीड़िता एसएसपी (SSP) के पास अपनी फरियाद लेकर पहुंचती हैं। ऐसे ही एक मामला थाना इंचौली का एसएसपी के यहां पहुंचा है। जहां पर एक प्रेमी ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। साथ ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। एसएसपी कार्यालय (SSP Office) शिकायत करने पहुंची पीड़िता को कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

थाना इंचौली क्षेत्र की निवासी युवती ने चार साल पहले यहीं के एक गांव में रहने वाले युवक से प्रेम विवाह किया था। उसे एक बेटा भी है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे प्रताडि़त करने लगे। वह परेशान होकर पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी। इसके बाद भी ससुरालियों का उसके जीवन में दखल कम नहीं हुआ। घरवालों के बहकावे में आकर युवक उसके साथ मारपीट करता आ रहा था। विरोध करने पर उसे तीन तलाक देने की धमकी देता था।

रविवार की रात परिवार वालों के कहने में आकर युवक ने महिला की पिटाई कर दी। जब उसने मारपीट का कारण पूछा तो उसने तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। डेढ़ माह के बच्चे को लेकर महिला अपने मायके भी गई। जहां उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। दर-दर की ठोकर खाने के बाद महिला बच्चे को लेकर पुलिस कार्यालय पहुंची। वहां उसने मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी अजय साहनी ने थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा है।

Published on:
07 Jan 2020 11:33 am