
मेरठ। लिसाड़ीगेट क्षेत्र में एक विवाहिता की गला घोंटकर हत्या करने केे बाद उसका पति शव को घर में छोड़कर फरार हो गया। सुबह घर में मिलने पहुंचे आरोपी के भतीजे ने महिला का शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के परिजनों ने आरोपी ई-रिक्शा चालक पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चार साल पहले हुर्इ थी शादी
जानकारी के अनुसार अहमद नगर गली नंबर दस निवासी यूसुफ की पुत्री 38 वर्षीय अंजुम की शादी करीब चार वर्ष पूूर्व श्यामनगर निवासी इरशाद के साथ हुई थी। इरशाद ई-रिक्शा चालक है। परिजनों के मुताबिक इरशाद और अंजुम दोनों की ही यह दूसरी शादी थी। अंजुम के परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही इरशाद अक्सर अंजुम के साथ मारपीट करता था। दंपत्ति का एक बच्चा हुआ, उसकी भी कुछ समय बाद ही मौत हो गई। जब इरशाद रिक्शा चलाकर घर पहुंचा तो उसकी पत्नी से कुछ कहासुनी हो गई थी। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों ने आपस में लड़ाई की थी। इरशाद की पत्नी उससे नये सूट सिलवाने के लिए जोर दे रही थी, जिस पर इरशाद ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों में फिर से लड़ाई हुई।
पहले भी दोनों में कराया गया था समझौता
सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसके बाद इरशाद बाहर चला गया। उसके कुछ देर बार ही उसका भतीजा उससे मिलने घर गया था। घर का दरवाजा खुला देख युवक भीतर घुस गया। कमरे में अंजुम का शव जमीन पर पड़ा देख युवक की चीख निकल गई। शोर सुनकर मौके पर क्षेत्र के लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी के बाद पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मायके वालों ने आरोप लगाया कि इरशाद अक्सर उनकी पुत्री के साथ मारपीट करता रहता था। इस बारे में कई बार बिरादरी के लोगों की बैठक भी हुई जिसमें समझौता कराया गया था। उसके बाद भी इरशाद ने उसके साथ मारपीट करना बंद नहीं किया था। मृतक महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या गला घोंटकर की गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के परिजनों ने आरोपी शौहर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है। एसओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि आरोपी पति फरार है। उसको पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।