
Meerut News: जिले में बिगड़ती कानून—व्यवस्था के विरोध में आज सपाइयों ने कलक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा की महिला कार्यकर्ताओं ने हाथ में थाली और परात बजाकर भाजपा सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारी सपाइयों ने भाजपा सरकार के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। मेरठ में कैथवाडी सामूहिक दुष्कर्म कांड और हापुड में वकीलों पर पुलिस के लाठी चार्ज के विरोध में आज सपाइयों ने धरना प्रदर्शन किया। मेरठ के कमिश्नरी पार्क में आज सुबह सपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एकत्र हुए। उसके बाद वहां से प्रदर्शन करते हुए डीएम ऑफिस पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान सपा महिला कार्यकर्ताओं ने हाथ में थाली और परात लेकर बजाई।
बर्तन बजाते चल रहे सपा कार्यकर्ताओं को देखकर आम लोग भी रूक गए। डीएम ऑफिस पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं को सपा जिलाध्यक्ष ने संबांधित किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा राज में प्रदर्शन और विरोध करना विरोधियों की मजबूरी बनता जा रहा है। मेरठ में कानून—व्यवस्था की स्थिति खराब है। सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी खुले घूम रहे हैं और पीडित परिवार को धमका रहे हैं। वहीं पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
उन्होंने कहा कि मेरठ में पुलिस प्रशासन का राज नहीं है। मेरठ में अब जंगल राज कायम है। उन्होंने कहा कि भाजपाई भी आए दिन पुलिस प्रशासन के खिलाफ थाने में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी भी नहीं सुनी जा रही है तो आम आदमी की कौन सुनेगा। उन्होंने वकीलों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज की निंदा की। इस दौरान सपाइयों ने डीएम ऑफिस में जमकर थाली और बर्तन बजाए।
सपाइयों ने जिला प्रशासन और पुलिस को चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने दुष्कर्म के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो वो कमिश्नरी पार्क में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी मेरठ जिला प्रशासन और पुलिस की होगी।