मेरठ

यूट्यूब से सीखा हत्या का तरीका; जिस पर भरोसा किया उसी ने दी मौत, मेरठ की नर्स नेहा, मर्डर केस की इनसाइड स्टोरी

Murder Case Inside Story Meerut: मेरठ के एक निजी अस्पताल में 25 वर्षीय नर्स नेहा रानी की कथित तौर पर जहरीली ड्रिप लगाकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, शादी का दबाव बनने पर ओटी टेक्नीशियन सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।
2 min read
Jul 20, 2026
meerut nurse neha rani murder poison drip lover suresh hospital case inside story
मेरठ नेहा रानी मर्डर केस अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Meerut Nurse Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बार फिर रिश्तों से जुड़ा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिले के लोहियानगर स्थित एक निजी अस्पताल में 25 साल की नर्स नेहा रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी। पुलिस जांच में सामने आया कि नर्स की हत्या का आरोप उसी अस्पताल में कार्यरत ओटी टेक्नीशियन सुरेश और उसके साथी फरहान पर है। आरोप है कि शादी के दबाव से परेशान होकर सुरेश ने जहरीली ड्रिप लगाकर नेहा की हत्या की साजिश रची।

मेरठ में लगातार सामने आ रहे हैं चौंकाने वाले हत्याकांड

मेरठ पिछले कुछ समय से ऐसे सनसनीखेज हत्या मामलों को लेकर चर्चा में है, जिन्होंने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पहले नीला ड्रम हत्याकांड, फिर करैत सांप से हत्या का मामला और अब अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में जहरीली ड्रिप देकर नर्स की हत्या ने शहर में हड़कंप मचा दिया है।

अस्पताल में साथ काम करते-करते हुआ प्रेम संबंध

पुलिस के मुताबिक, नेहा रानी की शादी करीब ढाई साल पहले रवि नामक युवक से हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है। करीब 1 साल पहले पति की मौत के बाद नेहा ने निजी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी। इसी अस्पताल में उसकी मुलाकात ओटी टेक्नीशियन सुरेश से हुई। दोनों के बीच करीब 7 महीने पहले नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। जांच में सामने आया कि सुरेश पहले से शादीशुदा है और उसका पांच साल का बेटा भी है।

शादी का दबाव बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से नेहा सुरेश पर शादी करने का दबाव बना रही थी। आरोप है कि सुरेश इस रिश्ते को खत्म करना चाहता था, लेकिन नेहा लगातार विवाह की बात कर रही थी। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची।

बीमारी का बहाना बनाकर चढ़ाई जहरीली ड्रिप

जांच में सामने आया कि शनिवार सुबह नेहा अस्पताल पहुंची और उसने कमजोरी तथा तबीयत खराब होने की शिकायत की। इस पर सुरेश ने उसे ड्रिप लगाने की बात कही। आरोप है कि ड्रिप में जहरीला पदार्थ मिलाकर नेहा को लगाया गया। पुलिस का यह भी कहना है कि बेहोशी की हालत में उसे सल्फास भी खिलाया गया। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने एक फर्जी सुसाइड नोट लिखकर नेहा के कपड़ों में रख दिया।

यूट्यूब से सीखा हत्या का तरीका

पूछताछ के दौरान सुरेश ने पुलिस को बताया कि वह नेहा से छुटकारा पाना चाहता था। इसके लिए उसने इंटरनेट और यूट्यूब पर हत्या करने के तरीके खोजे। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथी फरहान को पैसों का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया। दोनों ने मिलकर पूरी योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

CCTV फुटेज ने खोला राज

पुलिस जांच में अस्पताल के CCTV फुटेज अहम सबूत बने। फुटेज में सुरेश और फरहान, नेहा के साथ जाते हुए दिखाई दिए। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने साथ बैठकर खाना भी खाया, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।

पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में फोरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर हत्या की साजिश के हर पहलू की जांच कर रही है।