
दामिनी और अतुल पंवार, बॉक्स में बंद मरा हुआ सांप
Meerut Snake Murder Case: मेरठ के चर्चित स्कूल संचालक अतुल पंवार हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब जांच में सामने आया है कि आरोपी पत्नी दामिनी ने जनवरी से 17 जुलाई तक अपने प्रेमी तुषार पायला को करीब 2000 बार फोन किया था। इसी कॉल रिकॉर्ड ने पुलिस को पूरे हत्याकांड की साजिश तक पहुंचा दिया।
अतुल की मौत के बाद पुलिस ने दामिनी की कॉल डिटेल खंगाली। जांच में पता चला कि पिछले करीब छह महीनों में उसने वैन चालक तुषार पायला से लगभग 2000 बार बातचीत की थी। इतनी ज्यादा बातचीत ने पुलिस का शक गहरा दिया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने फरार तुषार को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि पुलिस वाहन में बैठते ही उसने कहा, "मेरी पिटाई मत कराना, मैं सब सच बता दूंगा।" इसके बाद उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
पूछताछ के दौरान जब दामिनी और तुषार को आमने-सामने लाया गया तो एक ऐसा सवाल सामने आया जिसने पुलिसकर्मियों को भी हैरान कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दामिनी ने तुषार से पूछा, "क्या अब भी मुझसे शादी करोगे?" बताया जा रहा है कि तुषार ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दामिनी ने पूरा जुर्म अपने ऊपर लेने की भी बात कही और तुषार को छोड़ने की मांग की।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात वाली रात अतुल को दूध में करीब 25 नींद की गोलियां मिलाकर दी गई थीं। इसके बाद जहरीले करैत (Krait) सांप से डसवाकर हत्या की गई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका, इसलिए डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए सपेरे सोनू और उदय ने पूछताछ में बताया कि हत्या की साजिश के तहत वे करीब तीन महीने तक करैत सांप की तलाश करते रहे। सांप मिलने के बाद उसे डिब्बे में बंद कर रखा गया और तय योजना के मुताबिक वारदात को अंजाम दिया गया।
करैत भारत के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। इसे 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है क्योंकि इसके काटने पर कई बार न तेज दर्द होता है और न ही तुरंत सूजन दिखाई देती है। इसका जहर सीधे तंत्रिका तंत्र (Nervous System) पर असर करता है और समय पर इलाज न मिले तो यह जानलेवा साबित हो सकता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल सबूत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।
Updated on:
19 Jul 2026 11:35 am
Published on:
19 Jul 2026 11:35 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
