
एक साल तक रची गई मर्डर की प्लानिंग (photo- x@Shiva_Thakur18)
Meerut Snake Murder Case: मेरठ के हस्तिनापुर में स्कूल संचालक अतुल कुमार की मौत का मामला अब सिर्फ सांप के काटने तक सीमित नहीं रह गया है। पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। शुरुआती तौर पर इसे जहरीले सांप के काटने से हुई सामान्य मौत माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, जिसकी तैयारी कथित तौर पर पिछले एक साल से चल रही थी।
पुलिस के मुताबिक, अतुल की पत्नी दामिनी और स्कूल के वैन ड्राइवर तुषार एक-दूसरे के करीब आ चुके थे। दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन अतुल उनके रास्ते में सबसे बड़ी बाधा था। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची गई।
जांच में सामने आया कि यह पहली बार नहीं था जब अतुल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई। कुछ समय पहले उन्हें एक कार से टक्कर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गए। पुलिस का कहना है कि उस समय भी मामला संदिग्ध था, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
पुलिस के अनुसार, अतुल को लंबे समय से खाने में नशीली दवाएं दिए जाने का भी शक था। उन्होंने अपनी मां से कई बार तबीयत खराब रहने की शिकायत की थी। कई बार उनकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल तक ले जाना पड़ा।
पुलिस का दावा है कि पहले के प्रयास सफल नहीं हुए तो कथित आरोपियों ने ऐसा तरीका चुना, जिससे मौत सामान्य हादसा लगे। आरोप है कि दो सपेरों से संपर्क किया गया और जहरीले करैत सांप का इंतजाम किया गया। वारदात वाली रात अतुल को पहले नींद की गोलियां दी गईं। इसके बाद देर रात जहरीले सांप से उन्हें डसवाया गया। सांप को कमरे में ही छोड़ दिया गया, ताकि घटना प्राकृतिक लगे।
सुबह पत्नी ने शोर मचाकर परिवार को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप भी मिला और पैर पर काटने के निशान भी थे। शुरुआत में सभी ने इसे हादसा माना। हालांकि पूछताछ के दौरान पत्नी ने बताया कि वह रात में बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। इसी बयान के बाद पुलिस और परिवार को शक हुआ और जांच की दिशा बदल गई।
पुलिस ने जब कॉल डिटेल और मोबाइल की जांच की तो वैन ड्राइवर तुषार से लगातार संपर्क के सबूत मिले। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल में डिब्बे में बंद करैत सांप की तस्वीर भी मिली। पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी साजिश स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल ने करीब 20 लाख रुपये का बीमा कराया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे बीमा राशि हासिल करने की मंशा भी थी या नहीं।
पुलिस ने इस मामले में पत्नी, कथित प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Updated on:
18 Jul 2026 01:47 pm
Published on:
18 Jul 2026 01:47 pm
