मेरठ

फोन पर लड़कों से करती थी बातचीत, मेरठ में मामा ने सौतेले भाई के साथ मिलकर भांजी को मार डाला

Meerut Crime News: मेरठ में एक 17 साल की मासूम की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। हत्यारे ने किशोरी का गला घोंटने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंक दिया था। जिसके बाद पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए सिर्फ 6 घंटे के अंदर इस मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश कर दिया है। जानिए पूरा मामला...
2 min read
May 30, 2026
Meerut crime news, Mama killed niece in Meerut, Lohiya Nagar police station, Meerut murder case,
सगे मामा ने ली 17 साल की भांजी की जान (फोटो- पत्रिका)

Meerut Murder Case: मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी सानिया का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और महज छह घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा दी है। पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है जबकि शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

जंगल में मिला था किशोरी का शव

शनिवार सुबह नरहेड़ा गांव के जंगल में डॉक्टर राकेश शर्मा के खेत के पास एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मृतका की पहचान हुमायूं नगर निवासी 17 वर्षीय सानिया के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने कड़ी पूछताछ की और सिर्फ छह घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझा ली।

मोबाइल पर बात करने को लेकर था शक

पुलिस की जांच में सामने आया कि सानिया के मामा को उसके चरित्र पर संदेह था। उसे शक था कि किशोरी मोबाइल फोन पर लड़कों से बातचीत करती है। इसी शक के चलते मामा आगबबूला हो गया और मौका पाते ही उसने सानिया का गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

सौतेले भाई की मदद से शव को फेंका

पुलिस की पूछताछ में परिवार की जो पृष्ठभूमि सामने आई वह भी उलझी हुई थी। मृतका सानिया के पिता जावेद ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी शबनम की मौत हो चुकी थी जिसके दो बच्चे शोएब और शबनूर हैं। इसके बाद जावेद ने शाहजहां से दूसरी शादी की जिनकी दो बेटियां सानिया और सोनम हुईं। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी मामा ने सानिया के सौतेले भाई शोएब की मदद ली। दोनों ने मिलकर वारदात को छिपाने के लिए शव को जंगल में ले जाकर एक बाग में फेंक दिया।

आरोपी मामा गिरफ्तार भाई की तलाश जारी

इस वारदात का पर्दाफाश करने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। वहीं इस वारदात में उसका साथ देने वाले सौतेले भाई शोएब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों की हर एंगल से जांच कर रही है।