पुलिस मुकदमा कायम होने पर नहीं कर रही आरोपी की गिरफ्तारी
मेरठ। शादी का झांसा देकर एक साल तक युवती को अपनी हवस का शिकार बनाने वाला युवक व उसके साथी मुकदमा कायम होने के बाद भी खुली हवा में आजादी के साथ घूम रहा है। पीड़िता थाने के चक्कर काट रही है। युवती का पहले प्रेमी ने उत्पीड़न किया और अब पुलिस कर रही है। युवती अपने माता-पिता के साथ सीओ से मिली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी सुरक्षा की गुहार लगायी।
अपहरण करके बनार्इ अश्लील वीडियो
पीडिता को आरोपी मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सरधना क्षेत्र निवासी निवासी एक युवती ने कंकरखेड़ा क्षेत्र के युवक पर शादी का झांसा देकर खुद के साथ एक वर्ष तक दुष्कर्म किए जाने आरोप लगाया था। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसका अपहरण कर उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। पीड़िता के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात कंकरखेड़ा राम नगर सतीश चौक निवासी आशीष हुई थी। आरोप है कि युवती को उसने अपने प्रेमजाल में फंसाकर एक वर्ष तक उसके साथ दुष्कर्म किया। गत तीन मई को आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ युवती के घर से उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद कंकरखेड़ा स्थित अपने घर ले जाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो बनाई।
अब शादी से कर रहा है इनकार
युवती का आरोप है कि अब आशीष उसके साथ शादी करने से इनकार कर रहा है। शादी का दबाव बनाने पर वह युवती की अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने और उसके भाई की हत्या की धमकी दे रहा था। इसके बाद पीड़िता ने पांच जून को सरधना थाने में जाकर आप बीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 366, व 506 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए युवती को मेडिकल के लिए भेज दिया था। थाना पुलिस आज तक आरोपियों में से किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद है। पीडिता के अनुसार आशीष अब उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। मुकदमा वापस न लेने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसके बाद पीड़िता सीओ संतोष कुमार से मिली और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ सुरक्षा की गुहार लगायी। सीओ संतोष ने जल्दी ही कार्रवाई का आश्वासन दिया है।