उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव में किसान महफूज सैफी के घर से अचानक 52 सांप निकलने की खबर से हड़कंप मच गया।
घर से अचानक 52 सांप निकलने की खबर से न केवल डर का माहौल बन गया बल्कि ये घटना स्थानीय निवासियों को हैरान कर गई। घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
किसान महफूज सैफी ने बताया कि रविवार की सुबह वह अपने घर के पास बने खुले हिस्से में कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर करीब डेढ़ फीट लंबे एक सांप पर पड़ी। डर के कारण उसने सांप को मार दिया, लेकिन उसके बाद वहां से सांप निकलने का सिलसिला शुरू हो गया। एक के बाद एक सांप निकलते गए, जिससे उसका पूरा परिवार घबरा गया।
खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। महफूज और गांववालों ने मिलकर सभी सांपों को मारकर पास के एक गड्ढे में दफना दिया। महफूज के अनुसार रात लगभग 9 बजे तक कुल 52 सांप निकाले जा चुके थे। ये सभी सांप उनके घर के मुख्य दरवाजे के पास बने रैंप के नीचे से निकल रहे थे। गांव में यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और लोग सांपों के निकलने की जगह की जांच में जुट गए।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने गंभीरता दिखाई। डीएफओ राजेश कुमार ने कहा कि सांप वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित जीव हैं और इन्हें मारना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि महफूज को तुरंत इस मामले की सूचना वन विभाग को देनी चाहिए थी। विभाग इस पूरे मामले की जांच कर रहा है और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना जहां एक ओर लोगों के लिए डर का कारण बनी वहीं यह वन्य जीवों के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर जागरूकता की कमी को भी उजागर करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में बिना विलंब के वन विभाग या विशेषज्ञों को सूचित किया जाना चाहिए, ताकि जानवरों की जान भी बचाई जा सके और इंसानों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।