
केपी त्रिपाठी, मेरठ। गांव काजीपुर के ग्रामीणों ने कोरोना से जंग के लिए नायाब पहल की है। गांववासियों ने गांव को खुद लॉकडाउन कर दिया है। कोई बाहर से न आएगा और न ही जाएगा। इस गांव में ग्रामीणों ने सोशल डिस्टेंसिंग के लिए घर को कवर कर लिया है, ताकि किसी पड़ोसी का प्रवेश न हो। शहर से सटा यह गांव महानगर में रहने वाले पढे-लिखे लोगों को कोरोना से निपटने का बड़ा संदेश दे रहा है।
काजीपुर गांव के निवासी बताते हैं कि जब से लॉकडाउन शुरू हुआ है उन्होंने अपने सभी रिश्तेदारों और गांव में आने वाले लोगों से अनुरोध किया है कि वे गांव के भीतर नहीं आएं। गांव में सिर्फ वही लोग आ-जा सकते हैं जो इस गांव के निवासी हैं। गांव में प्रवेश करते ही चारों ओर सन्नाटा ही दिखाई दिया। लेकिन कुछ दूर जाने पर ईरिक्शा और बाइकें दिखाई दी, जो कि गांव से गांव में ही जा रही हैं। इसी तरह से एक कार दिखाई दी। कार चालक से जब बात की गई तो वे लडऩे को तैयार हो गए। बोले-कोरोना करना है क्या। हमारे गांव में अभी कोई कोरोना पीडि़त नहीं है।
वहीं गांव में भीतर प्रवेश करने पर कुछ महिलाएं एक खुले मैदान में उपले पाथती देखी गई। ये महिलाएं भी सोशल डिस्टेंस का पूरा पालन कर रही थी। ग्रामीण जगपाल सिंह ने बताया कि बचाव के लिए सभी लोग अपना प्रयास कर रहे हैं। सभी लोग गांव में भीतर है। खेतों में भी ग्रामीणों को जाना पड़ रहा है, लेकिन सभी गांव वाले इसको लेकर सजग हैं। ग्रामीण हंतु बताता है कोरोना तो बहुत बुरी चीज है। हमारे गांव में बहुत कम चल रहा है।
ग्रामीण बताते हैं कि वे मोबाइल पर सगे-संबंधियों को घर से बाहर नहीं जाने के लिए आग्रह कर रहे। गांव में प्रतिदिन सुबह और शाम जगह-जगह नीम की पत्तियों को जलाया जा रहा है। वहीं गांव में उपलों से धुंआ भी किया जा रहा है। गांव के सभी निकासों पर बैरिकेटिंग्स लगाए गए हैं।