Meerut के जाकिर कॉलोनी के धागा व्यापारी के घर हुए डकैती मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पर हमला कर कब्जे से भाग रहे एक अपराधी को पुलिस ने पैर पर गोली मारी जिससे वो घायल हो गया।
मेरठ में धागा व्यापारी के घर में हुई डकैती मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डकैती के मास्टरमाइंड जकी के साथ उसके साथी मजहर और छेनू को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर माल बरामद करने के लिए ले जा रहे थे तब आरोपी मजहर ने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मजहर के पैर पर गोली लगी और वो घायल हो गया। पुलिस ने मजहर को मौके पर से उसी हाल में डकैती का माल बरामद करने के लिए ले गई।
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के करीम नगर में धागा व्यापारी शादाब के घर बुधवार को हथियारों से लैस 11 बदमाश घर में घुस आए थे और उनके परिवार वालों को पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने घर के सदस्यों को पिस्टल दिखाकर धमकाया और करीब डेढ़ घंटे तक लूटपाट करते रहे। ये सारी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गयी।
आपको बता दें कि घटना का मास्टरमाइंड जकी इ-रिक्शा चलाता है। वो मेरठ के तोचीवाड़ा का रहने वाला है। वो शादाब के यहां माल ढोने का काम करता था। पहले उसने पूरे घर और दुकान की रेकी की और उसके बाद अपने कई साथियों सरफराज, मजहर,असलम, इमरान और अन्य तीन साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों से 90 हजार नगद, तीन पिस्टल और एक बाइक बरामद किया है।
एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि जकी घटना का मास्टरमाइंड था। वो शादाब अहमद के दुकान पर माल ढोने का काम करता था। इसके साथ ही वो उनके घर की रेकी भी किया करता था। उसी ने पूरी घटना की प्लानिंग की थी। मामले में आरोपी असलम, गोलू व तीन अन्य अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
धागा व्यापारी शादाब लोहियानगर थाना क्षेत्र में सपा विधायक रफीक अंसारी के रिश्तेदार हैं। सूचना मिलते ही सपा विधायक रफीक अंसारी भी मौके पर पहुंचे। आरोप लगाया जा रहा है कि घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी होने के बाद भी बदमाश खुलेआम घटना को अंजाम देकर निकल गए।