मेरठ

रावण दहन पर युवतियों से छेड़छाड़, विरोध करने पर सिपाही की वर्दी फाड़ी

Highlights मेले के दौरान पुलिस औऱ पब्लिक आयी आमने-सामने जमकर किया गया हंगामा, पुलिस कर्मियों को घेरा मामला शांत करने के लिए पुलिस ने लाठियां चलाई  

2 min read
Oct 09, 2019

मेरठ। दशहरा मेला (Dussehra) को लेकर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था थी, लेकिन इसके बाद भी असामाजिक तत्व और शोहदे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। भारी पुलिस व्यवस्था (Police Security) के बाद भी वे बाइक पर स्टंट करते घूमते रहे और शहर में छेड़छाड़ (Eveteasing) की घटना को अंजाम देते रहे। ऐसी कई शिकायतें पुलिस कंट्रोल रूम में दर्ज की गई, लेकिन पुलिस (Police) जब तक मौके पर पहुंचती आरोपी घटनास्थल से फरार हो जाते थे।

जेल चुंगी चौराहा पर दशहरा मेला देखकर लौट रही एक युवती से चार लड़कों ने छेड़छाड़ कर दी। सूचना पर सिपाही पहुंचा तो छेड़छाड़ के आरोपियों ने सिपाही की वर्दी फाड़ दी और फरार हो गए। इसी मेले में एक और युवती से छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसके भाई को पीटा गया। यहां भी आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की कर फरार हो गए।

जेल चुंगी स्थित मैदान में मंगलवार रात पुतला दहन होने के बाद एक किशोरी लौट रही थी। चौराहे से अब्दुल्लापुर की तरफ मुड़ते ही चार युवकों ने लड़की से छेड़छाड़ शुरू कर दी। किसी ने जेल चुंगी पुलिस चौकी पर आकर इसकी सूचना दी। सिपाही केपी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसका विरोध किया तो शोहदों ने सिपाही से मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी और फरार हो गए। हालांकि अकेले सिपाही ने एक आरोपी को पकड़ लिया। उसका नाम अंकित अधाना बताया गया है। सिपाही ने उसे थाने भेज दिया। इससे पहले मेला परिसर में ही चार लड़कों ने एक लड़की से छेड़छाड़ कर दी।

विरोध करने पर उसके भाई को पीट दिया। लोगों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकारनी शुरू कर दी। इससे एक दो लोगों को हल्की चोटें भी आई। इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई तो काफी संख्या में पुलिस बल लेकर अधिकारी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया।

UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Uttar Pradesh Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..

Published on:
09 Oct 2019 01:45 pm
Also Read
View All