
Sangeet Som Statement Akhilesh Yadav Criminals Remarks: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी भूचाल आ गया है। भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सिंह सोम ने सोमवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की पुरानी मानसिकता है और पार्टी का पुराना काम अपराधियों को पालना रहा है। वे अपराधियों के बल पर चुनाव जीतना चाहते हैं।
संगीत सोम ने याद दिलाया कि एक समय उनकी सरकार में पुलिस चौकी पर ताला जड़ दिया जाता था। उन्होंने दावा किया कि आज वैसा माहौल नहीं है। अब अपराधी खुद अखिलेश यादव के पास जाकर रो रहे हैं और कह रहे हैं कि हम मारे जा रहे हैं, अब्बा हमें बचाओ। बीजेपी नेता के अनुसार अखिलेश यादव उन्हें बचाने की हैसियत में नहीं हैं।
मीडिया के सवाल पर संगीत सोम ने साफ कहा कि हां, बिल्कुल अखिलेश यादव अपराधियों के अब्बा हैं। उन्होंने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव पीडीए के नाम पर सिर्फ दिखावा करते हैं। सांसद सब अपने घर में बनाते हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष भी अपने घर का ही है।
बीजेपी नेता ने पीडीए की नई व्याख्या पेश करते हुए कहा कि इसमें पापी, डकैत और अपराधी शामिल हैं। कोई और नहीं। उन्होंने दोहराया कि अखिलेश यादव केवल अपराधियों के अब्बा हैं। यह कटाक्ष अंकित बालियान के हत्यारोपियों के एनकाउंटर में ढेर किए जाने के बाद सपा की ओर से एसटीएफ को ‘स्वजातीय टार्चर फोर्स’ बताए जाने पर आया।
संगीत सोम के इन बिगड़े बोलों से यूपी की राजनीति में तनाव बढ़ने की आशंका है। भाजपा इसे सपा की पुरानी छवि से जोड़कर प्रचारित कर रही है, जबकि सपा की ओर से जवाबी हमले की तैयारी चल रही है। यह बयान आगामी चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया अध्याय खोल सकता है।