
Special Initiative For Passport Verification: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पासपोर्ट बनवाने के लिए सत्यापन (वेरिफिकेशन) की अपॉइंटमेंट वेटिंग इन दिनों 2 महीने से अधिक हो गई है। इस समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने एक विशेष पहल की है। बढ़ती मांग और लंबी प्रतीक्षा सूची को कम करने के लिए 7 से 9 अप्रैल तक 3 दिन के लिए पासपोर्ट मोबाइल वैन सेवा शुरू की जा रही है।
यह पासपोर्ट मोबाइल वैन मेरठ के छावनी (कैंट) स्थित पासपोर्ट कार्यालय पहुंचेगी, जहां आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। वर्तमान व्यवस्था के तहत कैंट पासपोर्ट कार्यालय में प्रतिदिन लगभग 90 अपॉइंटमेंट लिए जाते हैं, लेकिन इस विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
मोबाइल वैन के जरिए प्रतिदिन 40 अतिरिक्त अपॉइंटमेंट लिए जाएंगे। ये वही आवेदक होंगे, जिनकी पहले से तय तिथियों के अनुसार अपॉइंटमेंट लगी हुई है। इस प्रकार इन तीन दिनों में कुल 130 आवेदनों का प्रतिदिन सत्यापन किया जाएगा। इससे लंबी वेटिंग लिस्ट को कम करने में काफी मदद मिलने की उम्मीद है।
मेरठ में इस पहल के सफल होने के बाद इसे अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। सहारनपुर में यह सेवा 15 से 17 अप्रैल तक और मुजफ्फरनगर में 28 से 30 अप्रैल तक चलाई जाएगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पासपोर्ट सेवाओं को तेज और सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप के अनुसार, यह विशेष अभियान विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पासपोर्ट की बढ़ती मांग को समय पर पूरा करना और आवेदकों को बेहतर व आसान सेवाएं उपलब्ध कराना है।
पासपोर्ट मोबाइल वैन पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें कंप्यूटर सिस्टम के साथ बायोमैट्रिक मशीनें स्थापित की गई हैं। वैन के अंदर इस तरह की व्यवस्था की गई है कि कर्मचारी आसानी से आवेदकों के दस्तावेज स्कैन कर सकें और बायोमैट्रिक प्रक्रिया पूरी कर सकें।
इस मोबाइल वैन में एयर कंडीशनर, पर्याप्त रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं, जिससे आवेदकों को किसी तरह की असुविधा न हो। यह एक तरह से चलता-फिरता पासपोर्ट कार्यालय है, जो सेवाओं को लोगों के करीब लाने का काम कर रहा है।
इस पहल से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के हजारों आवेदकों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबी वेटिंग के कारण जो लोग पासपोर्ट बनवाने में देरी का सामना कर रहे थे, उन्हें अब तेजी से सेवा मिल सकेगी।