मेरठ

पहले लड़की को पिलाई शराब, फिर गला रेता, मोहब्बत कैसे बनी कत्ल की वजह

मेरठ के टीपीनगर में झाड़ियों से मिली महिला की लाश ने सनसनी फैला दी। जांच में खुलासा हुआ कि उसका कातिल कोई और नहीं, बल्कि प्रेमी मनोज मास्टर था। शक और शराब ने रिश्ते को खूनी बना दिया। पढ़िए पूरी कहानी कैसे बनी मोहब्बत कत्ल की वजह।
2 min read
Oct 08, 2025
Feature image

मेरठ के टीपीनगर इलाके में शनिवार को झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में पता चला कि महिला की हत्या उसके प्रेमी मनोज मास्टर ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।

प्रेमी मनोज मास्टर (50) ने शराब पिलाने के बाद अनीता (40) का गला रेतकर जान ले ली। शक था कि अनीता के अन्य लोगों से संबंध हैं। इसी जलन में उसने वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को टीपीनगर औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-8 की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। शनिवार दोपहर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ज्वेलरी एंड टेक्नोलॉजी के पास सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिला था। गले पर चाकू से वार के गहरे निशान थे। महिला के दाहिने हाथ पर ‘दीपक’, ‘धर्मपाल’ और ‘अनीता’ नाम खुदे हुए थे। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर पहचान की कोशिश शुरू की। मंगलवार को परतापुर क्षेत्र के डूंगरावली गांव की अनीता के परिजनों ने शव की पहचान की। अनीता पिछले कुछ दिनों से लापता थी। जांच में उसका नाम सामने आने पर पुलिस ने गांव के ही मनोज मास्टर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

छह साल पुराना था रिश्ता

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक, मनोज मास्टर पहले एक निजी स्कूल में पढ़ाता था। घर पर ट्यूशन भी लेता था। छह साल पहले उसकी पहचान अनीता की बहन सरिता से हुई। जिनके बच्चे उसके पास पढ़ते थे। इसी दौरान अनीता से उसकी नजदीकी बढ़ी और दोनों में प्रेम संबंध बन गए। मनोज की पत्नी की मौत आठ साल पहले हो चुकी थी।
समय के साथ अनीता और मनोज साथ काम करने लगे। लेकिन अनीता की शराब की लत और अन्य लोगों से मेलजोल को लेकर मनोज को शक रहता था। घटना वाले दिन दोनों सेक्टर-8 में रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में शराब पी रहे थे। तभी झगड़ा हुआ और गुस्से में मनोज ने चाकू से अनीता का गला काट दिया।

बहन के घर रह रही थी अनीता

अनीता मूल रूप से दौराला क्षेत्र के सरसवा गांव की रहने वाली थी। लेकिन इस समय अपनी बहन सरिता के साथ रह रही थी और परतापुर में एक कोल्हू पर मजदूरी करती थी। उसका पति दारा सिंह भी शराब का आदी था और घर का खर्च अनीता ही संभालती थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी की है।

Updated on:
08 Oct 2025 01:13 pm
Published on:
08 Oct 2025 10:37 am