
रथ यात्रा हाईटेंशन लाइन से टकराई, एक की मौत, 17 लोग झुलसे (X Photo)
Meerut Jagannath Rath Yatra Accident: मेरठ के परीक्षितगढ़ में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धा और उत्साह के बीच निकाली जा रही यात्रा अचानक दर्दनाक घटना में बदल गई। रथ के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से करंट फैल गया, जिससे 17 श्रद्धालु झुलस गए। इस हादसे में 25 साल सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दो गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परीक्षितगढ़ में भगवान जगन्नाथ की सातवीं रथ यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा की शुरुआत ओम पब्लिक स्कूल से हुई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रस्सी के सहारे रथ को खींच रहे थे। इसी दौरान रथ की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही रथ में करंट आ गया और कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल परीक्षितगढ़ के गंधार दरवाजा निवासी सचिन (25) को इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सचिन परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। सचिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सुशीला, भाई विशाल और उसकी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे में करीब 17 श्रद्धालुओं घायल हो गए। घायलों में गुड्डी, वतनदीप, सोमेश, मदनपाल, मोहित, चेतन, पीरू, यश, महेश शर्मा, प्रियांक, विवेक, राजेश मिश्र और लता समेत कई लोग शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए दो लोगों को मेरठ के अस्पताल में भेजा गया है। सूचना मिलने के बाद एसपी देहात अभिजीत सिंह और एसडीएम मवाना संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना
रथ यात्रा के आयोजकों अतुल शर्मा और संजीव शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई को कलश यात्रा के साथ भगवान जगन्नाथ यात्रा की शुरुआत हुई थी। इसके बाद कथा कार्यक्रम चल रहा था। कथा समाप्त होने के बाद शुक्रवार को रथ यात्रा निकाली गई थी। आयोजकों के अनुसार रथ की ऊंचाई अधिक थी और सड़क की स्थिति भी ठीक नहीं थी। सड़क पर बने गड्ढों और ऊंचाई के कारण रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी भी देखने को मिली।
Updated on:
24 Jul 2026 07:56 pm
Published on:
24 Jul 2026 07:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
