मेरठ में यूपी पुलिस और एसटीएफ ने मुठभेड़ में भदौड़ा गैंग के दो इनामी शूटरों को किया ढेर
मेरठ। सोमवार को कैराना और नूरपुर उपचुनाव में हुई वोटिंग के बाद यूपी पुलिस फिर से एक्शन मोड में आ गई है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सरधना रोड स्थित पदम कोल्ड स्टोर के पास मंगलवार सुबह दिन निकलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस और एसटीएफ टीम की बाइक सवार दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस फायरिंग के दौरान दोनों बदमाश मारे गए। बदमाश योगेश भदौडा गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं। दोनों ही बदमाश दौराला थाना क्षेत्र में मटोर गांव के सामने हाईवे पर महविश दुल्हन हत्याकांड में वांछित चल रहे थे। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में असलाह बरामद हुआ है। इनमें एक कारबाइन और अत्याधुनिक स्वचालित पिस्टल भी है, जिसे देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए।
सरधना रोड पर मिली बदमाशों की सूचना
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो इनामी बदमाश सरधना रोड पर बाइक से जा रहे हैं। मुखबिर से मिली सूचना पर सरधना रोड पर पुलिस और एसटीएफ बाइक सवार दो बदमाशों के पीछे लग गई। दूसरी तरफ से पुलिस की एक पार्टी परतापुर की तरफ से हाइवे पर होते हुए बदमाशों का पीछा करती हुई सरधना रोड पर जा पहुंची। सरधना रोड स्थित पदम कोल्ड स्टोर के पास पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
बाइक को सड़क पर छोड़कर जंगल की ओर भागे बदमाश
फायरिंग करते हुए बदमाश बाइक को सड़क पर छोड़ जंगल की ओर भागे। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। इसमें दोनों बदमाश मारे गए। बदमाशों की पहचान मोदीनगर निवासी हिमांशु उर्फ नरसी और शताब्दी नगर प्रतापपुर निवासी धीरज के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। ये बदमाश दौराला हाईवे पर हुए मेहविश दुल्हन हत्याकांड में भी वांछित चल रहे थे।
कार लूट को भी दिया था अंजाम
वहीं, परतापुर में हाईवे स्थित बिग बाइट रेस्टोरेंट के सामने भी बदमाशों ने वरना कार लूट को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस और एसटीएफ को इन बदमाशों की तलाश में थी। मुठभेड़ के बाद मौके पर एसएसपी पुलिस बल के साथ पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी की। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि दोनों बदमाशों को हाईवे स्थित कैलाश अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बरामद हथियारों ने उड़ाए होश
बदमाशों के कब्जे से पुलिस को कारबाइन बरामद हुई है, जिसे देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरत में हैं। माना जा रहा है कि यह कारबाइन बदमाशों ने पुलिस से ही लूटी होगी। इसकी पड़ताल शुरू कर दी गई है। वहीं, दो पिस्टल, दो तमंचे और कुछ कारतूस भी बरामद हुए हैं, जो बाइक के बैग में रखे थे।