
Weather Update UP:उत्तर प्रदेश में मानसून (Monsoon) अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन कई जगहों पर यह बारिश आफत बन गई। बिजली गिरने, दीवार और मकान ढहने जैसी घटनाओं में प्रदेशभर में 14 लोगों की मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और सड़क संपर्क भी बाधित हो गया।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल शुक्रवार के लिए बंद कर दिए गए हैं। बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सड़क संपर्क भी प्रभावित हो गया है। कई नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई।
बारिश के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान बिजली गिरने और दीवार गिरने की घटनाओं में हुआ। गोरखपुर-बस्ती मंडल में बिजली की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें बस्ती और संतकबीरनगर के 3-3, जबकि कुशीनगर और सिद्धार्थनगर के 1-1 व्यक्ति शामिल हैं।
इसके अलावा सोनभद्र में बिजली गिरने से एक ग्राम प्रधान के बेटे की मौत हो गई। बुलंदशहर में मस्जिद की चहारदीवारी गिरने से 2 लोगों की जान चली गई। शामली में आरा मशीन की दीवार ढहने से संचालक की मौत हो गई, जबकि हापुड़ के पिलखुवा में कच्चे मकान की छत गिरने से 1 व्यक्ति की मौत और उसका बेटा घायल हो गया।
क्षेत्रीय मौसमविज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में 13 जुलाई तक अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश बिजनौर के नजीबाबाद में 306 मिमी दर्ज की गई। यह साल 1952 के बाद वहां रिकॉर्ड की गई तीसरी सबसे ज्यादा बारिश है। इसके अलावा एटा में 222 मिमी, संभल में 204 मिमी और आगरा में 146 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। तराई क्षेत्र में महाराजगंज में 104 मिमी और सिद्धार्थनगर में 78.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई जिलों का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
सहारनपुर में शिवालिक पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में गुरुवार तड़के शुरू हुई तेज बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। शाकंभरी सिद्धपीठ जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाने से श्रद्धालुओं को भूरादेव के पास ही रोक दिया गया। सहंसा और खुवासपुर नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ने से कई गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया। जैतपुर कला के पास तेज बहाव में 2 बाइक सवार बहने लगे, जिन्हें ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। वहीं, खुवासपुर में एक ग्रामीण की बाइक पानी में डूबकर क्षतिग्रस्त हो गई।
मौसम विभाग ने 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर, लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, बरेली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यकता ना होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।