
Meerut Police: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक शर्मसार मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पिता ही अपने मासूम बेटे के भविष्य को अंधेरे में धकेल रहा है। मामला तब खुला जब एक महिला अपने पूर्व पति की कथित करतूतों के वीडियो सबूत लेकर थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
महिला का आरोप है कि उसका पूर्व पति न केवल खुद नशे और गलत आदतों में लिप्त है, बल्कि वह उसके नाबालिग बेटे को भी सिगरेट पीने जैसी बुरी लतें सिखा रहा है। इतना ही नहीं, वह इन हरकतों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करता है। पीड़िता ने रोते हुए पुलिस से अपने बेटे को सुरक्षित वापस दिलाने की मांग की।
पूरा मामला मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली महिला ने बताया कि उसका 10 साल पहले निकाह हुआ था। इस दौरान उनके तीन बच्चे भी हुए। हालांकि, शादी में अनबन के चलते साल 2026 में दोनों ने आपसी समझौते के आधार पर एक-दूसरे से तलाक ले लिया। तलाक के बाद से बच्चा पिता के पास या उसके संपर्क में रह रहा था। लेकिन पिता ने बच्चे को अच्छी परवरिश देने के बजाय उसे अपराध और नशे के दलदल में धकेलना शुरू कर दिया।
पीड़ित मां का आरोप है कि उसका पूर्व पति खुद तो गलत संगत और अय्याशी में डूबा ही रहता है, साथ ही वह अपने बड़े बेटे को भी इस गंदगी में धकेल रहा है। महिला ने बताया कि उसका पूर्व पति बेटे को न सिर्फ सिगरेट पिलाता है, बल्कि उसे गलत औरतों के पास भी लेकर जाता है। इससे परिवार की समाज में भारी बदनामी हो रही है।
महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर अपने बच्चों को वापस दिलाने की मांग की है। उसका कहना है कि अगर बच्चे पूर्व पति के पास रहे, तो उनका पूरा जीवन बर्बाद हो जाएगा। इस पूरे मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।