मेरठ

योगी के मंत्री को आधी रात में मिली जान से मारने की धमकी! FIR दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी

UP Crime मंत्री सहारनपुर में अपनी बहन के घर आए हुए थे। इसी दौरान उनके फोन पर एक वाट्सएप कॉल आई। आरोप है कि कॉलर ने अभद्रता करते हुए उन्हे जान से मारने की धमकी दी।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Dinesh khateek
मंत्री दिनेश खटीक की प्रतीकात्मक रूप से फोन पर बात करते हुए फोटो ( स्रोत ChatGpt )

मेरठ की हस्तिनापुर विधानसभा से विधायक और राज्य सरकार में मंत्री दिनेश खटीक को आधी रात में जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह धमकी उन्हे फोन पर उस समय दी गई जब वह अपनी बहन के घर सहारनपुर आए हुए थे। मेरठ के बहसूमा थाने में अनस नाम के एक युवक के खिलाफ धमकी देने के इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।

जानिए कौन हैं मंत्री दिनेश खटीक

दिनेश खटीक वर्तमान में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री हैं। वह हस्तिनापुर से विधायक हैं। मूल रूप से वह कस्बा मवाना के फलावदा के रहने वाले हैं। इससे पहले भी उनके साथ धमकी का एक मामला सामने आ चुका है। अब उन्हे दोबारा से धमकी मिली है। इस बार उन्हे जान से मारने की धमकी मिली है।

ये है पूरा मामला

मंत्री के सहयोगी नितिन पोसवाल की ओर से मेरठ के थाना बहसूमा में एक तहरीर दी गई है। इस तहरीर में नितिन पोसवाल ने पुलिस को बताया है कि घटना पांच अक्टूबर की रात की है। वह मंत्री के साथ सहारनपुर के सरसावा में रहने वाली मंत्री की बहन के घर गए थे। मध्यरात्रि में मंत्री दिनेश खटीक के फोन पर एक वाट्सऐप कॉल आई जिसमें दूसरी ओर से बोल रहे युवक ने मंत्री के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में नितिन ने पुलिस को बताया कि इसके बाद मंत्री ने फोन उन्हे दे दिया और जांच करने की बात कही। इस पर जांच की गई तो ट्रू कॉलर पर युवक का नाम अनस पुत्र इमामुद्दीन निवासी गणेशपुर आया।

बहसूमा थाने में क्यों दी गई तहरीर

थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव रानी नंगला के रहने वाले नितिन पोसवाल ने पुलिस को यह भी बताया कि इस घटना के बाद जब वह सहारनपुर से वापस मेरठ के लिए आ रहे थो तो बहसूमा पहुंचने पर एक फिर से उक्त युवक की कॉल आई और इसने फिर से गालियां देना शुरू कर दिया साथ ही धमकी भी दी। इस तरह नितिन की ओर से थाना बहसूमा में घटना की तहरीर दी गई। बहसूमा पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

अभी तक नहीं हुई है गिरफ्तारी

इस मामले में अभी तक पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की है। इस बारे में पुलिस का यही कहना है कि जांच चल रही है। आरोपी फरार है उसकी तलाश की जा रही है। जल्द इसम मामले में आगे कार्यवाही की जाएगी।

Updated on:
14 Oct 2026 11:16 am
Published on:
14 Oct 2026 11:16 am