
Gen-Alpha Protest in Mirzapur: मिर्जापुर के प्रशासनिक अमले में उसे वक्त हड़कंप मच गया, जब सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले जेन-अल्फा (13 साल से कम उम्र के बच्चे) ने सड़क बनवाने की मांग को लेकर स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भारी बारिश में छात्र-छात्राओं ने स्कूल के बाहर ही बैठकर प्रदर्शन किया। इसके बाद बच्चों के परिजन भी इस प्रदर्शन में शामिल हो गए। छात्रों की मांग है कि स्कूल तक पहुंचाने के लिए पक्की सड़क बनवाई जाए। बड़ी मुश्किल से खेतों की मेढ़ से होकर छात्र स्कूल पहुंचते हैं। कई बार वे फिसलकर गिर जाते हैं, इससे उन्हें काफी परेशानी होती है।
जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय में स्कूल तक सड़क बनवाने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने बारिश के बीच प्रदर्शन शुरू किया। बारिश में भीख कर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को देखकर उनके अभिभावक भी उनके साथ बैठकर उनका हौसला बढ़ाने लगे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने तिरपाल का इंतजाम कर दिया और छात्र-छात्राओं ने उसके छाव में नीचे बैठकर प्रदर्शन किया।
सरकारी विद्यालय में बच्चों द्वारा प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। यह खबर जंगल में आज की तरह जिला मुख्यालय तक पहुंच गई। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश के बाद नायब तहसीलदार और बीडीओ विद्यालय पहुंचे और छात्र-छात्राओं से बातचीत की। छात्रों ने बताया कि स्कूल पहुंचने के लिए उन्हें खेत के रास्ते होकर आना पड़ता है। बरसात के मौसम में मेढ़ गीली रहती है, इसी दौरान वह फिसल कर गिर जाते हैं और उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार कुछ बच्चे चोटिल भी हुए हैं।
वहीं, बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि करीब ढाई सौ छात्र छात्राएं बारिश के बीच बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इनका सिर्फ एक उद्देश्य है कि स्कूल तक पहुंचने के लिए एक पक्की सड़क का निर्माण किया जाए। बताया जा रहा है कि इस स्कूल में करीब 470 बच्चों का नामांकन किया गया है। वहीं बारिश के बीच करीब 2 घंटे चले इस प्रदर्शन के बाद पहुंचे नायब तहसीलदार और वीडियो ने छात्र-छात्राओं को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द उनके स्कूल तक पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।