मिर्जापुर

मिर्जापुर में MDMA ड्रग के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, वाराणसी में देनी थी डिलीवरी, ₹5 करोड़ है कीमत

मिर्जापुर पुलिस ने प्रतिबंधित ड्रग के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ड्रग की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड रुपए है। इसे भदोही से खरीदा गया था और वाराणसी में इसे खपाया जाना था...

2 min read
Pic-Mirzapur police

मिर्जापुर: कछवां पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5 करोड़ रुपए की अनुमानित कीमत के अवैध मादक पदार्थ MDMA के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन पर जनपद के विभिन्न इलाकों में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि भैसा नहर के पास प्रतिबंधित ड्रग के साथ कुछ तस्कर वाराणसी की तरफ जाने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर चेकिंग अभियान चलाया और इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन लोगों को रोकने के बाद पूछताछ की गई।

1.170 किलो ड्रग बरामद

पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी संदिग्ध नजर आए इसके बाद आरोपियों की तलाशी ली गई तो इनके पास से 1.170 किलोग्राम अवैध MDMA ड्रग बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने इंद्रेश कुमार उर्फ बुल्ला, विनीत सिंह उर्फ विकास सिंह और अमित कुमार सिंह उर्फ सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के बरैनी गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही उनके पास से कुछ नगद पैसे भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने UP 63 AX 7354 नंबर की बाइक को भी सीज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों के पास बाइक के कागजात भी नहीं थे। इससे प्रतीत हो रहा है कि बाइक भी चोरी की थी।

भदोही से खरीदा था ड्रग

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस ड्रग को वे लोग भदोही से एक व्यक्ति से खरीद कर वाराणसी ले जा रहे थे और उनकी मंशा थी कि वाराणसी में इसे ऊंचे दाम पर बेचा जाएगा। पुलिस ने बताया कि यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसको लेकर आगे की जांच की जा रही है।

इस मामले में कछवां थाना पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। दरअसल, MDMA ड्रग एक उत्तेजक पदार्थ होता है, जो इसे ग्रहण करने वाले व्यक्ति के सोचने समझने की शक्ति को कुछ देर के लिए रोक सकता है। बताया जा रहा है कि इसे डिजाइनर ड्रग भी कहा जाता है।

Published on:
09 Apr 2026 04:53 pm
Also Read
View All