मिर्जापुर

मिर्जापुर में लग्जरी गाड़ियों से 2 करोड़ कैश बरामद, आयकर विभाग ने व्यापारियों को जारी किया नोटिस, 4 दिन में देना होगा जवाब

Cash recovery for car in mirzapur : मिर्जापुर के चिल्ह थाना क्षेत्र के चौराहे पर गुरुवार को दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से पुलिस ने करोड़ों रुपए कैश बरामद किया है। इस मामले में आयकर विभाग ने दो व्यापारियों को नोटिस जारी करते हुए पैसों का हिसाब मांगा है।
2 min read
Cash recovered in mirzapur
कार की तलाशी लेते अधिकारी, Pc- Patrika

Mirzapur cash recovery: मिर्जापुर के चिल्ह थाना क्षेत्र के चौराहे पर गुरुवार को दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से पुलिस ने करोड़ों रुपए कैश बरामद किया है। इस मामले में आयकर विभाग ने दो व्यापारियों को नोटिस जारी करते हुए पैसों का हिसाब मांगा है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की नोटिस का जवाब देने के लिए व्यापारियों को चार दिन का समय दिया गया है। इस दौरान नोटों की गड्डियों से संबंधित सारे दस्तावेज आयाकर विभाग को सौंपने को कहा गया है। फिलहाल, आयकर विभाग इस पूरे मामले में गहनता से जांच कर रहा है।

एक गाड़ी में कैश दूसरी में सवार थे व्यापारी

बताया जा रहा है कि चिल्ह चौराहे पर गुरुवार की रात तो 2 फॉर्च्यूनर गाड़ियों से करीब 2 करोड़ रुपए की राशि बरामद की गई है। इस दौरान एक गाड़ी में पैसे रखे हुए थे, जबकि दूसरी गाड़ी में व्यापारी बैठकर इसे ले जा रहे थे। इस मामले में सूचना मिलने के बाद मौके पर नगर मजिस्ट्रेट पहुंचे और बरामद की गई राशि को थाने लाया गया। वहीं, पैसों की गिनती के लिए मशीन मंगा कर आयकर विभाग को सूचना दी गई।

पुलिस ने बताया कि बरामद की गई राशि वाराणसी से मिर्जापुर लेकर जाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गाड़ियों को रोका गया और तलाशी लेने के दौरान कैश बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में नगर मजिस्ट्रेट अवनीश कुमार को सूचना दी, जिसके साथ आयकर विभाग को सूचित किया गया। पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश के सीधी के रहने वाले अभिनित बंसल और भारत सिंह दूसरी गाड़ी में सवार होकर पैसे लेकर जा रहे थे। इसके बाद आकर विभाग ने इस मामले में जांच शुरू की।

नोटिस में किन बातों का जिक्र

वहीं, इस मामले में आयकर विभाग ने इंडो ट्रेड वेंचर के मालिक अभिनित बंसल और भारत सिंह के नाम पर नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग ने नोटिस में बरामद किए गए कैश से संबंधित पूरा हिसाब मांगा है। नोटिस में पूछा है कि बरामद किए गए पैसे किसके हैं। इसके साथ ही कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे। इसका हिसाब चार दिनों के अंदर लिखित रूप में आकर विभाग को सौंपा जाना है।

हवाला कनेक्शन की भी जांच

बता दें कि बरामद किए गए करीब 2 करोड़ रुपए थाने के लगदी लॉकर में रखवाया गया है और आयकर विभाग इस पूरे मामले में गहनता से जांच कर रही है। इस मामले में कैश के साथ पकड़े गए अभिनीत बंसल और भारत सिंह ने बताया है कि यह उनके ट्रांसपोर्ट बिजनेस का पैसा है, जो वाराणसी से लेकर आ रहे थे। हालांकि, आयकर विभाग की टीम इस मामले में हवाला कनेक्शन की भी जांच कर रही है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि पैसे से संबंधित वैध दस्तावेज मिलने के बाद ही पूरी रकम व्यापारियों को लौटाई जाएगी। यदि व्यापारी ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
31 May 2026 11:28 am
Published on:
31 May 2026 11:28 am