मिर्जापुर

मिर्जापुर में चाचा-भतीजे को ट्रक ने रौंदा, दोनों की मौत, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

Mirzapur News: मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में एक ट्रक ने साइकिल सवार चाचा भतीजे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे...
2 min read
Mirzapur latest news
घटनास्थल पर बिलखते परिजन, (Pc-Vijendra Mishra)

Accident in Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां शौच के लिए साइकिल से निकले चाचा-भतीजे को ट्रक ने रौंद दिया, जिसके बाद दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, दोनों नदी की तरफ गए थे और शौच के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्ती की दोनों सड़क पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और नेशनल हाईवे-135 को जाम कर दिया।

पुलिस के समझाने पर खुला जाम

जानकारी के मुताबिक बामी गांव के रहने वाले शिवनाथ (50) अपने भतीजे प्रियांशु (14) के साथ सोमवार को साइकिल से शौच के लिए नदी की तरफ गए हुए थे। दोनों शौच के बाद साइकिल पर सवार होकर अपने घर की तरफ निकल ही थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही एक अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर ग्रामीण भारी संख्या में जुट गए। इस दौरान पूरे मामले की जानकारी परिजनों को भी दी गई। चाचा-भतीजे की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। वहीं पूरे मामले की जानकारी लालगंज थाने को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। उधर सड़क जाम किए जाने के बाद दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन रुक गया और मौके पर वहानों की लंबी कतार लग गई।

क्या बोली पुलिस

हालांकि, कुछ देर समझाने बुझाने के बाद ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे को खोल दिया। थाना अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर तुरंत ही पुलिस बल को भेजा गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने सड़क जाम लगा दिया था, जिसके बाद लोगों को समझा बुझाकर अवगमन शुरू कराया गया है। उन्होंने बताया कि शवों को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग की है। इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। फिलहाल मौके पर कानून एवं व्यवस्था पुलिस के नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
14 Sept 2026 10:44 am
Published on:
14 Sept 2026 10:44 am