मिर्जापुर

‘कांग्रेस नेहरू परिवार तो सपा सैफई परिवार तक सीमित’, CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- माफिया के सामने गिड़गिड़ाते थे, आज सुरक्षा की बात कर रहे

Mirzapur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेहरू परिवार और सपा सैफई परिवार तक सीमित है। योगी ने राज्यसभा उम्मीदवारों का जिक्र कर सपा के PDA नारे पर सवाल उठाए।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
CM Yogi Adityanath, PM Narendra Modi, Double Engine Government, UP News
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो-IANS

Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेहरू परिवार और सपा सैफई परिवार तक सीमित है। योगी ने राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के नेता PDA का नारा लगाते रहे, लेकिन उम्मीदवार बनाने की बारी आई तो अपने परिवार के सदस्य को टिकट दिया। उन्होंने मुंबई के एक अमीर कारोबारी को उम्मीदवार बनाने का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के कारण जनता ने इन दलों को सत्ता से बाहर कर दिया।

माफिया के सामने गिड़गिड़ाते थे, आज सुरक्षा की बात कर रहे- सीएम योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले माफिया के सामने गिड़गिड़ाते थे, वे आज सुरक्षा की बात कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि पहले नवरात्रि में मूर्ति रखने को लेकर विवाद होते थे, लेकिन अब सरकार जनता की सुरक्षा के लिए उसके साथ खड़ी है। उन्होंने डबल इंजन सरकार को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने वाली सरकार बताया।

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद सत्ता में रहे लोगों ने विकास को अपने परिवार तक सीमित रखा और उनके पास कोई स्पष्ट दिशा नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा की नीयत एक जैसी है, इसी वजह से जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया।

मां विंध्यवासिनी धाम में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विंध्यवासिनी धाम की पवित्र धरती सभी की आस्था का प्रतीक है। शारदीय नवरात्रि के दौरान हर दिन लाखों श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी और मां अष्टभुजी के दर्शन करने पहुंचते हैं। श्रद्धालु मां काली खोह में भी पूजा-पाठ कर मां काली का आशीर्वाद लेते हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति का हमेशा सम्मान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मां विंध्यवासिनी धाम में भव्य कॉरिडोर का निर्माण हुआ है। गंगा किनारे पवित्र घाटों का विकास भी लगातार आगे बढ़ रहा है।

पहले भी हो सकता था धार्मिक स्थलों का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन धार्मिक स्थलों पर जरूरी सुविधाएं पहले ही विकसित की जा सकती थीं। उस समय भी पैसा उपलब्ध था और विकास के काम किए जा सकते थे। मां विंध्यवासिनी धाम के साथ मां अष्टभुजी और मां काली खोह को जोड़कर धार्मिक सर्किट बनाया जा सकता था।सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पहले गंगा किनारे बड़े घाट बनाने के नाम पर गरीबों की जमीन पर कब्जा करने के लिए सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पैसों के इस गलत इस्तेमाल को रोका और उन्हें विकास कार्यों में लगाया।

76 दिन के अभियान से बदलाव का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 जुलाई से 2 अक्टूबर तक चले 76 दिन के अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई व्यवस्था में सुधार करना और निर्माण कार्यों को नुकसान पहुंचने पर समय से उनकी मरम्मत कराना था। सीएम ने कहा कि समय पर मरम्मत होने से निर्माण लंबे समय तक ठीक रहता है और लोगों को भी सुविधा मिलती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि अगर कोई नेता दोपहर 12 बजे उठता है और सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचता है, तो समाज और प्रदेश का विकास नहीं हो सकता।

Updated on:
15 Oct 2026 03:11 pm
Published on:
15 Oct 2026 12:46 pm