
नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। मंगलवार दोपहर 12 बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत पर एम्स की तरफ से मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया है। बुलेटिन में एम्स ने कहा है कि अटल बिहारी वाजपेयी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
वाजपेयी की हालत में सुधार
फिलहाल अभी अटल बिहारी वाजपेयी को लाइफ सपोर्ट सिस्टम से हटा लिया गया है। अब एंटीबायोटिक दवाओं से उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल इन दवाओं से उनका शरीर रिस्पॉन्ड कर रहा है। मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि जब तक उनकी तबीयत ठीक नहीं होती है, वह अस्पताल में ही रहेंगे। सोमवार रात पौने ग्यारह बजे जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में एम्स ने कहा था कि वाजपेयी को लोअर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन और किडनी संबंधी दिक्कतों के बाद भर्ती कराया गया था। जांच में उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन निकला है। मंगलवार सुबह उनका डायलिसिस किया गया था।
कल से एम्स में हैं पूर्व प्रधानमन्त्री
अपनी भाषण शैली से लोगों को मोह लेने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सोमवार दोपहर से नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। वाजपेयी को मूत्र त्याग में कुछ परेशानी थी । यूरिन जिस क्वांटिटी में पास होना चाहिए था, उतना नहीं हो रहा है। एम्स की ओर से कहा गया था कि वाजपेयी इस समय कॉर्डियो न्यूरो सेंटर में हैं और किसी को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं है। फिलहाल वह अब भी आईसीयू में हैं। उनकी हालत को देखते हुए एम्स प्रशासन ने उनसे किसी को मिलने जुलने से मना कर दिया है। फिलहाल वाजपेयी की हालत स्थिर है लेकिन आज उन्हें छुट्टी दी जाएगी या नहीं, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
जारी है नेताओं के आने का सिलसिला
मंगलवार को एमडीएमके चीफ वाइको ने मंगलवार सुबह अटल बिहारी वाजपेयी का हाल जाना। एम्स से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि अटल जी ठीक हैं चिंता की कोई बात नहीं है। सोमवार सबसे पहले शाम करीब 6 बजे अटल बिहारी वाजपेयी को देखने राहुल गांधी एम्स पहुंच गए। राहुल के बाद पीएम मोदी समेत तमाम बड़े नेताओं का एम्स में जमावड़ा लगने लगा।
राहुल के कुछ ही देर के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स पहुंंचे। उसके बाद पीएम मोदी एम्स पहुंचे। पीएम मोदी वाजपेयी के स्वास्थ्य के संबंध में सभी तरह की जानकारी लेने के बाद अस्पताल से रवाना हुए। लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह पूर्व प्रधानमंत्री को देखने के लिए एम्स पहुंचे। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने अस्पताल में वाजपेयी से मुलाकात की।
बता दें कि 93 वर्षीय अटल बिहारी वाजपेयी डिमेंशिया नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। वे 2009 से ही व्हीलचेयर पर हैं। कुछ समय पहले भारत सरकार ने उन्हें देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया है।