अमृतसर में निरंकारी भवन पर हुए हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने कहा है कि हम पाकिस्तान को कड़ा जवाब देंगे।
नई दिल्ली। अमृतसर में निरंकारी भवन में प्रार्थना सभा के दौरान हुए आतंकी हमले पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां हमले की जांच कर रही हैं। अहिर ने कहा हम हर आतंकी वारदात का करारा जवाब देंते हैं और आगे भी देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में देश के अंदर पाकिस्तान की ओर से दो हमले हुए हैं। पठानकोट एयरबेस अटैक के बाद अमृतसर में हुआ हमला दूसरी वारदात है।
निहत्थों पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण: अहीर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम में बैठे निहत्थे लोगों पर हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। जल्द ही इस बात का खुलासा हो जाएगा कि इसके पीछे किसका हाथ है। उन्होंने जम्मू कश्मीर में पाक की ओर से लगातार हो रही घुसपैठ की कोशिकों को लेकर भी पाक पर जमकर बरसे हैं। अहीर ने कहा कि जितना नुकसान पाकिस्तान ने कश्मीर की जनता का किया है, उतना नुकसान किसी ने नहीं किया। पाकिस्तान की हरकतों से कश्मीर की जनता वाकिफ हो चुकी है। हमारे सुरक्षाबल के जवान आतंकियों को मुहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
अलगाववादी संगठन के लोगों को हिरासत में लिया गया
बता दें कि पंजाब पुलिस ने निरंकारी भवन पर हमले में अलगाववादी संगठनों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अमृतसर और भठिंडा जिलों सहित विभिन्न स्थानों पर राज्य पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा छापे मारकर सिख कट्टरपंथी तत्वों को हिरासत में लिया गया। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक तौर न हिरासत की पुष्टि की है और न इनकार किया है। इससे पहले पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुरेश अरोड़ा ने कहा था कि ग्रेनेड हमले के पीछे 'स्थानीय' तत्वों का हाथ हो सकता है।
सीएम अमरिंदर बोले- हमले में पाकिस्तान का हाथ
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि हमले में पाकिस्तान का हाथ मालूम पड़ता है क्योंकि प्रारंभिक जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि इस्तेमाल किया गया ग्रेनेड वैसा ही था जैसा पाकिस्तानी सेना आयुध कारखाने द्वारा बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सबसे पहले, यह आईएसआई समर्थित खालिस्तान या कश्मीरी आतंकवादी समूहों की भागीदारी के साथ अलगाववादी ताकतों द्वारा एक आतंकवादी कृत्य मालूम पड़ता है। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार ने घटना को गंभीरता से लिया है और पूरी तरह से रूप से जांच के सभी कोणों पर ध्यान दे रही है। सीएम ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए उनके बारे में जानकारी देने पर 50 लाख रुपये इनाम के तौर पर देने की भी घोषणा की। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और फोरेंसिक विशेषज्ञ जांच में मदद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि रविवार की घटना स्पष्ट रूप से आतंकवाद का मामला है और इस घटना के पीछे कोई धार्मिक संबंध नहीं है।
हमले में मारे गए थे तीन लोग
रविवार को अमृतसर से लगभग 15 किमी दूर राजसांसी इलाके के अदलीवाल गांव में एक धार्मिक सभा में चेहरा ढककर मोटरसाइकिल से आए दो युवक ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए थे, इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। सभी पीड़ित पास के गांवों के निरंकारी अनुयायी थे, जो साप्ताहिक धार्मिक सभा के लिए एकत्र हुए थे।