वीडियो में महिला केंद्रीय मंत्री के जे अल्फोंस पर चीख रही है। साथ ही देरी होने पर लिखित जवाब देने को कह रही है।
नई दिल्ली: केंद्रीय पर्यटन मंत्री के जे अल्फोंस फिर सवालों के घेरे में हैं। अब एक महिला ने उनके ऊपर अपनी भड़ास निकाली है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर देरी से पहुंचने को लेकर महिला गुस्से से इतना लाल हो गई कि सरेआम केंद्रीय मंत्री पर बरस गई। दरअसल मंगलवार को इंफाल एयरपोर्ट पर पटना जाने वाली फ्लाइट में एक महिला डॉक्टर थी। 2.45 बजे फ्लाइट को टेकऑफ करना था। लेकिन वीवीआईपी आगमन के चलते फ्लाइट को 2 घंटे डीले कर दिया गया। कुछ देर बताया गया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्री के जे अलफोंस के चलते देरी की गई है। मंत्री अल्फोंस जैसे ही एयरपोर्ट पर पहुंचे की महिला डॉक्टर उनपर बरस गई। महिला डॉक्टर जोर जोर से चिल्लाकर देरी होने पर लिखित जवाब देने को बोल रही थी। एक न्यूज एजेंसी ने इस पूरे वीडियो को शेयर किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला केंद्रीय मंत्री के जे अल्फोंस पर किस तरह चीख रही है। साथ ही लिखित जवाब देने के लिए दबाव बना रही है।
महिला ने मंत्री से मांगा लिखित जवाब
महिला का कहना है कि उसे एक निजी कार्यक्रम में जाना था और अपने परिवार को फ्लाइट्स डिटेल्स दी थीं। हालांकि मंत्री अल्फोंस ने गुस्साई महिला को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन महिला शांत होने को तैयार नहीं है। महिला ने फ्लाइट में देर होने पर केंद्रीय मंत्री से लिखकर देने को कहा कि वो वहां क्यों आए हैं।
एयरपोर्ट प्रबंधन की सफाई
इधर विवाद बढ़ने पर इम्फाल एयरपोर्ट प्रबंधन ने सफाई दी है। एयरपोर्ट डॉयरेक्टर ने कहा कि मंगलवार को कोई फ्लाइट कैंसिल या डायवर्ट नहीं की गई। बल्कि 3 फ्लाइट्स को राष्ट्रपति के आगमन के चलते 2 घंटे के लिए टाला गया था। हालांकि प्रबंधन ने बताया कि फ्लाइट देरी होने पर एयरपोर्ट पर महिला और केंद्रीय मंत्री अल्फोंस के बीच बहस हुई थी।
मंत्री की जुबानी
मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री के जे अल्फोंस ने कहा कोई विवाद नहीं है। हां महिला तनाव में दिख रही थी। मैंने उससे बात करने की कोशिश की लेकिन वह काफी गुस्से में थी। उस महिला को पटना किसी दाह संस्कार में जाना था। केंद्रीय मंत्री अल्फोंस ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा किसी मंत्री के लिए कोई प्रोटोकॉल नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर महिला को किसी से बात करनी चाहिए। ठीक है उन्होंने अपना गुस्सा मुझ पर निकाला।