विविध भारत

एंटीलिया केसः एनआईए को बड़ी सफलता, गिरफ्त में आई सचिन वाजे के साथ होटल में दिखी संदिग्ध महिला

एंटीलिया मामले में एनआईए को मिली बड़ी कामयाबी, वाजे के साथ दिखी मिस्ट्री वुमन को हिरासत में लिया

2 min read
Apr 02, 2021
सचिन वाजे ( फाइल फोटो )

नई दिल्ली। मुकेश अंबानी ( Mukesh Ambani ) के घर एंटीलिया मामले ( Antilia ) में एनआईए के बड़ी सफलता मिली है। दरअसल मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाजे के साथ होटल में दिखी संदिग्ध महिला की तलाश पूरी हो गई है। एनआईए ने गुरुवार शाम को उस महिला को हिरासत में ले लिया, जो 16 फरवरी को साउथ मुंबई स्थित एक पांच सितारा होटल में सचिन वाजे के साथ दिखी थी।

एनआईए पिछले लंबे समय से इस महिला की तलाश में थी। माना जा रहा है कि महिला को हिरासत में लेने के बाद एनआईए इस मामले से जुड़े कुछ और राज से पर्दा हटाने में कामयाब रहेगी।

मुकेश अंबानी के घर के पास से बरामद एसयूवी और मनसुख हिरन की मौत के मामले में एनआईए ने कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इसके तहत दक्षिण मुम्बई के एक होटल और एक क्लब की तलाशी ली। साथ ही ठाणे के एक फ्लैट में भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से मिस्ट्री वुमन को हिरासत में लिया गया।
बताया जाता है कि यह महिला मुख्य आरोपी सचिन वाजे की करीबी सहयोगी है।

काले धन को सफेद करने में वाजे की मदद
एनआईए ने हिरासत में लेने से पहले इस महिला से पूछताछ भी की। एनआईए के अधिकारियों ने कहा कि महिला, सचिन वाजे के काले धन को सफेद करने के लिए काम कर रही थी।

मिस्ट्री वुमन एक नहीं बल्कि दो आईडी का इस्तेमाल करती थी। इसके अलावा उसके पास से नोट गिनने की मशीन भी थी। ये वही मशीन है जो वाजे की मर्सिडीज कार से बरामद की गई थी।

ये है पूरा मामला
मिस्ट्री वुमन की तलाश उस दिन से शुरू हुई जब सचिन वाजे के साथ 16 फरवरी को दक्षिण मुंबई के पांच सितारा होटल में उसे जाते हुए देखा गया। इस दौरान उनके हाथों में पांच बड़े बैग भी थे। इन बैगों में नकदी मिलने की बात भी सामने आई थी।

एनआईए के सूत्रों ने यह कन्फर्म किया था कि घटना वाले दिन सचिन वाजे पैसों से भरे पांच बैग लेकर जा रहे थे।

ऐसे गिरफ्त में आई महिला
एएनआई अधिकारियों के मुताबिक एक दल दोपहर करीब पौने एक बजे बाबुलनाथ मंदिर के पास 'सोनी बिल्डिंग में बने एक होटल और क्लब में पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि होटल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों को परिसर खाली करने को कहा गया।

अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान एनआईए के कर्मचारियों ने क्लब और होटल में कुछ लोगों से पूछताछ की। जांच दल करीब तीन घंटे बाद वहां से रवाना हुआ। गामदेवी थाने के कुछ अधिकारी भी वहां मौजूद थे, क्योंकि यह इलाका इसी थाने के तहत आता है।

एनआईए के दूसरे दल ने ठाणे जिले के मीरा रोड स्थित एक फ्लैट की भी तलाशी ली। इस फ्लैट में एक महिला रहती थी और यह करीब दो सप्ताह से बंद था। उन्होंने बताया कि उस महिला को शाम में हवाई अड्डा पर हिरासत में ले लिया गया।

Published on:
02 Apr 2021 09:19 am
Also Read
View All