Highlights मियांपुर ने कहा कि वह भूपेंद्र सिंह मान को अपनी यूनियन से पूरी तरह से अलग करते हैं। भूपेंद्र सिंह मान जो भी फैसला लेंगे, वह उनका निजी फैसला माना जाएगा।
नई दिल्ली। भारतीय किसान यूनियन मियांपुर पंजाब के प्रधान बलदेव सिंह मियांपुर ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता कर भारतीय किसान यूनियन की पंजाब इकाई से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मान का पूरी तरह से बहिष्कार कर दिया। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से कृषि कानूनों को लेकर बनाई गई कमेटी में भूपेंद्र सिंह मान को रखा गया था। मगर मान ने इससे खुद को सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से अलग कर लिया है।
पत्रकारवार्ता में बलदेव सिंह मियांपुर ने कहा कि वह भूपेंद्र सिंह मान को अपनी यूनियन से पूरी तरह से अलग करते हैं। यूनियन से मान का कोई लेना देना नहीं होगा। भूपेंद्र सिंह मान जो भी फैसला लेंगे, वह उनका निजी फैसला माना जाएगा। इसमें यूनियन का कोई सदस्य भागीदारी नहीं करेगा। मियांपुर ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मान ने कमेटी का सदस्य बनने से पहले यूनियन से कोई चर्चा नहीं की और यूनियन को अनदेखा किया। इसलिए यूनियन भी अब उनका बहिष्कार करती है।
ईकाई ने कृषि कानून के विरोध में मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कानून जल्द वापस लेने की वकालत की है। भूपेंद्र सिंह मान की ओर से सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से खुद को अलग किए जाने के सवाल पर बलदेव सिंह ने कहा कि जब भूपेंद्र सिंह मान पंजाब आएंगे तो उनके साथ बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा होगी। फिलहाल उनका बहिष्कार जारी रहेगा।