विविध भारत

AAP का आरोप- भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया उपमुख्यमंत्री के आवास पर हमला

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर हमला किया गया है आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि हमला भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया

2 min read
AAP का आरोप- भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया उपमुख्यमंत्री के आवास पर हमला
AAP का आरोप- भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया उपमुख्यमंत्री के आवास पर हमला

नई दिल्ली।आम आदमी पार्टी ( AAP ) ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ( Delhi Deputy Chief Minister Manish Sisodia ) के घर पर हमला किया गया है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि यह हमला भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। आप के मुताबिक यह कार्यकर्ता मनीष सिसोदिया के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे और इसी दौरान वह घर में घुस गए। दिल्ली पुलिस ( Delhi Police ) ने मामले में कार्रवाई करते हुए छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आप विधायक आतिशी ने कहा कि पुलिस की सांठ-गांठ के साथ उप मुख्यमंत्री के घर पर हमला किया गया है। यह बहुत ही शर्म की बात है। इससे पहले दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में ऐसी घटना कभी नहीं हुई है।

आतिशी ने कहा कि क्या ये लोग उप मुख्यमंत्री के परिवार को मरवाना चाहते हैं। क्या भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का बदला ले रही है। हालांकि भाजपा ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि प्रदर्शन बिलकुल शांतिपूर्ण था। इससे पहले नगर निगम के बकाए के मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर धरना दिया था। भाजपा नेताओं ने आप कार्यकर्ताओं पर महापौरों और भाजपा नेताओं पर हमले की साजिश का आरोप लगाया था। इसी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिसोदिया के आवास के पास प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस घटना की निंदा की है और आश्चर्य जताया कि दिल्ली में भाजपा दिन पर दिन इतनी हताश क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि मैं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर व्यवस्थित, संगठित और हिंसक हमले की कड़ी निंदा करता हूं। गुंडे पुलिस की मौजूदगी में उनके घर में घुस गए, जब उप मुख्यमंत्री वहां नहीं थे। भाजपा दिल्ली में इतनी हताश क्यों हो रही है। आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पुलिस ने गुंडों को सिसोदिया के निवास में प्रवेश करने से नहीं रोका, उपमुख्यमंत्री के घर के बाहर बैरिकेड्स भी हटा दिए।

सौरभ भारद्वाज ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर का एक वीडियो दिखाया, जिसमें कुछ लोग जबरदस्ती उप मुख्यमंत्री के आवास के अंदर प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। भारद्वाज ने कहा कि गुंड़ों ने उपमुख्यमंत्री आवास पर हमला किया। हमले के समय उप मुख्यमंत्री घर पर नहीं थे। दिल्ली पुलिस ने इस काम में भाजपा के गुंडों की मदद की है।

Updated on:
10 Dec 2020 08:31 pm
Published on:
10 Dec 2020 08:27 pm