
मुंबई। मुंबई के घाटकोपर में एक सिटी बस में विस्फोट करने के आरोपी को 16 साल बाद गिरफ्तार किया गया है। इस विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी। आरोपी इरफान कुरैशी को महाराष्ट्र के औरंगाबाद से उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में पता लगा रही है कि कुरैशी इतने साल तक कैसे बचता रहा।
बस स्टेशन पर विस्फोट हुआ था
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुजरात एटीएस की एक टीम को कुरैशी के अपने रिश्तेदार के घर पर होने की सूचना मिली थी। यह सूचना बीते रविवार को मिली। उन्होंने बताया कि गुजरात एटीएस टीम ने कुरैशी को हिरासत में लेकर बाद में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम को सौंप दिया। यह इस्तेफाक था कि गुजरात एटीएस की एक टीम अन्य मामले में वांछित आरोपी का पता लगाने औरंगाबाद गई थी। इस उसका सामना कुरैशी से हो गया। एटीएस ने उसे तभी गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी के अनुसार कुरैशी को रविवार रात मुंबई लाया गया। पुलिस के अनुसार आगे की जांच जारी है। गौरतलब है कि एक बस में दो दिसंबर 2002 को घाटकोपर बस स्टेशन के निकट विस्फोट हो गया था। इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और 39 घायल हो गए थे।
शक्तिशाली विस्फोट था
विस्फोट वाले दिन बस व्यस्त लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर एक टेलीफोन एक्सचेंज के पास थी। इसके पास एक और बस, दो मोटरबाइक, आसपास के इलाकों की दुकानें थीं। जब विस्फोट हुआ तो बस में सवार कई लोग घायल हो गए थे। इसके साथ आसपास के लोगों को भी चोटें आईं। मलबे से घायल हो गए एक दुकानदार ने बताया कि उसने विस्फोट के प्रभाव से हवा में 10 फीट एक महिला को उड़ते देखा। नीचे गिरते ही महिला की मौत हो गई। एक और गवाह,प्रदीप भावनी ने बताया कि जब को बांद्रा से अपनी गाड़ी में घर जा रही थीं तभी विस्फोट की आवाज से आसपास के क्षेत्र थर्रा गए थे। उन्होंने मलबे को उड़ते देखा था।