रेलवे के इस ऑफर के तहत आप फ्री में सफर करने का मौका पा सकते हैं।
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे इस दिवाली अपने यात्रियों के लिए खास ऑफर लेकर आया है। इस ऑफर के तहत आप फ्री में सफर करने का मौका पा सकते हैं। बस आपको टिकट बुक करते वक्त कुछ बातों को ध्यान रखना होगा। रेलवे की ये योजना एक 1 अक्टूबर से लांच हुई है।
दरअसल सरकार भीम और यूपीआई ऐप को बढ़ावा देना चाहती है। इसके लिए रेलवे एक नया ऑफर लेकर आया है। आईआरसीटीसी से मिली जानकारी के मुताबिक इस योजना का लाभ पाने के लिए यात्रियों को टिकट भीम ऐप से बुक करना होगा। इसके बाद रेलवे की ओर से एक लकी ड्रॉ निकाला जाएगा। ये लकी ड्रॉ पूरी तरह से कप्यूटराइज्ड होगा। इस ड्रॉ में पांच लोगों को चुना जाएगा। इन पांच विजेताओं को मुफ्त में यात्रा करने का मौका मिलेगा।
क्या है रेलवे के इस ऑफर की शर्तें?
इस ऑफर के लिए आईआरसीटीसी ने कुछ शर्तें रखी हैं। इसके तहत टिकट कैंसल करने वाले यात्री को ड्रॉ में शामिल नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर अगर किसी व्यक्ति का एक से ज्यादा पीएनआर इस ड्रॉ के लिए चुना जाता है तो उस यात्री को सिर्फ एक पीएनआर पर ही लाभ मिलेगा। इस ड्रॉ को जीतने वाले की सूची आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। आईआरसीटीसी के मुताबिक ये ऑफर छह महीने तक चलेगा। हर महीने लकी ड्रॉ की सूची जारी की जाएगी। सूची में शामिल यात्री को मेल के जरिए भी जानकारी मुहैया करवाई जाएगी।
मार्च 2018 तक रेलवे नहीं लेगा सर्विस चार्ज
वहीं दूसरी ओर रेलवे ने मंगलवार को घोषणा की थी कि ऑनलाइन टिकक बुकिंग पर सर्विस चार्ज मार्च 2018 तक नहीं लिया जाएगा। दरअसल नोटबंदी के बाद सरकार ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देना चाहती थी। इस वजह से सरकार ये ऑफर लेकर आई है। सर्विस चार्ज में छूट मिलने से ऑनलाइन टिकट 20 से 40 रुपये तक सस्ता मिलेगा।