विविध भारत

कांग्रेस नेता के बेटे ने विदेश में जाकर फेसबुक लाइव पर की आत्महत्या की कोशिश

कांग्रेस नेता के बेटे ने फेसबुक लाइव पर आत्महत्या करने की कोशिश की।
2 min read
congress leader son
कांग्रेस नेता के बेटे ने विदेश में जाकर फेसबुक लाइव पर की आत्महत्या की कोशिश

नई दिल्ली। एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सनसनी मचा दी है। बताया जा रहा है कि एक कांग्रेस नेता का बेटा विदेश में जाकर फेसबुक लाइव पर आत्महत्या करने की कोशिश की। इतना ही नहीं इसके लिए उसने अपने पिता को ही जिम्मेदार ठहराया।

कनाडा में की आत्महत्या की कोशिश

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब राज्य के लुधियाना के पूर्व युवा कांग्रेस प्रमुख डिंपल राणा का बेटा युवराज गुरुवार को कनाडा में फेसबुक पर लाइव होकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे ऐसा करते देख उसके परिवार के सदस्यों और दोस्तों ने कनाडा की वेंकुवर पुलिस से संपर्क किया। जिसके बाद पुलिस ने युवराज की लोकेशन ट्रैक कर उसे अस्पताल तक पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक युवराज करीब डेढ़ महीने पहले ही कनाडा गया था। गुरुवार की सुबह उसने फेसबुक पर अपना स्टेटस अपडेट किया। जिसमें उसने लिखा था 'मूड ऑफ'। इसके बाद स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 3.24 बजे वह सोशल साइट फेसबुक पर लाइव आया। यह उसकी पहली वीडियो थी। इस वीडियो में उसने बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके कुछ देर बाद वह दोबारा फेसबुक पर लाइव आया और 7 मिनट की उस वीडियो में उसने अपनी दोनों कलाई काट लीं। अपनी कलाई काटने के बाद युवराज ने कहा कि वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर किया जाए ताकि उसके पिता को कड़ी सजा मिल सके। उसका कहना था कि उसने अपने पिता से कुछ जरूरी कागज मांगे थे, लेकिन उसके पिता ने उसे कहा कि वह कागज जल गए हैं। उसने अपने पिता का नाम लेते हुए कहा कि पता नहीं उन्होंने ऐसा क्यों किया। फेसबुक पर लाइव दोनों वीडियो शाम तक डिलीट हो गईं। पहली वीडियो को करीब 2500 लोगों ने देखा जबकि दूसरी वीडियो को 2000 लोगों ने देखा।

इस घटना के बाद तुरंत बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां युवराज की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, इस घटना के बारे में जब युवराज के पिता डिंपल राणा से पूछा गया तो उनका कहना था कि मेरा अपने बेटे से कोई झगड़ा नहीं हुआ है। रही बात डांटने की तो हर माता पिता अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए उन्हें डांटते हैं। उन्होंने कहा कि युवराज अभी अस्पताल में है और उसके पूरी तरह ठीक होने के बाद ही सच सबके सामने आ पाएगा।

Published on:
30 Jun 2018 02:31 pm