
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस ( coronavirus in india ) का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1700 के पार पहुंच चुकी है। वहीं इस वयारस के चलते 50 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। यही वजह है कि देश में 21 दिन का लॉकडाउन किया गया है। ऐसे में जो जहां है वहीं पर रुका हुआ है।
इस लॉकडाउन ( Lock Down ) के चलते कांग्रेस नेता बुरी तरह फंस गई हैं। अब उन्हें खाने-पीने के साथ दवाईयों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता नफीसा अली लॉकडाउन के चलते गोवा में फंस गई हैं। जहां उन्हें खाने-पीने का सामान और दवाईयां मिलने में कठिनाई हो रही है। आपको बात दें कि नफीसा कुछ वक्त पहले ही कैंसर से उबरी हैं। ऐसे में उन्हें कोरोना वायरस के बीच अपना ज्यादा ख्याल रखना होता है।
लेकिन लॉकडाउन के चलते वो काफी परेशानी हो रही हैं। नफीसा का मानें तो उन्हें इस वक्त बिस्किट जैसी चीजों से अपना गुजारा करना पड़ रहा है।
नफीसा के मुताबिक वे कुछ दिन घूमने के लिए गोवा आई थीं। यहां वो मोर्जिम में ठहरी हैं। इससे पहले कि वापस जातीं देश में लॉकडाउन हो गया।
ऐसे में पूरी तरह कैद हो कर रह गई हैं। नफीसा ने कहा, उनकी और उनकी बेटी के परिवार की योजना केवल 10 दिनों के लिए यहां रहने की थी लेकिन लॉकडाउन के कारण उन्हें यात्रा को स्थगित करना पड़ा।
नफीसा की मानें तो 26 मार्च से यहां सबकुछ बंद है। मैं पिछले काफी समय से सूखा अनाज खा रही हूं, कोई सब्जी या फल खाने को नहीं मिल रहे। यहां की दुकानों पर मेरी कैंसर की दवा नही है और कूरियर सेवाएं काम नहीं कर रही हैं, इसलिए मैं दवाई कहीं और से भी नहीं मंगा सकती।