विविध भारत

कोरोना के कहर के बीच मुकेश अंबानी का बड़ा कदम, मुफ्त में ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की

उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने कोरोनो के खिलाफ लड़ाई में मदद करते हुए जामनगर रिफाइनरी से महाराष्ट्र को मुफ्त में ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 16 Apr 2021, 10:53 PM IST
mukesh-ambani.jpg
Coronavirus: Mukesh Ambani's Reliance Supplies oxygen to Maharashtra from Jamnagar refinery

मुंबई। देश में कोरोना संक्रमितों की लगातार बढ़ती संख्या ने चिंताएं बढ़ा दी है। इस संक्रमण से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित है। महाराष्ट्र में हर दिन सैंकड़ों की संख्या में मरीजों की मौत हो रही है, तो वहीं हजारों लोग संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में संक्रमण को और अधिक फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

इस बीच कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में योगदान के लिए देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी सामने आए हैं। दरअसल, अरबपति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड कोरोनो के खिलाफ लड़ाई में मदद करते हुए महाराष्ट्र को मुफ्त में ऑक्सीजन दे रही है।

ऑक्सीजन की यह आपूर्ति गुजरात के जामनगर स्थित रिफाइनरी से की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस ने अपनी जामनगर रिफाइनरी से महाराष्ट्र को ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू की है। जामनगर में रिलायंस की दो रिफाइनरी हैं और थोड़े से बदलाव के बाद यहां इंडस्ट्रियल ऑक्सिजन को मेडिकल में इस्तेमाल होने वाली ऑक्सिजन के रूप में बदला जा रहा है।

इससे पहले, बुधवार को महाराष्ट्र के शहरी विकास और पीडब्ल्यूडी मंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्वीट करते हुए बताया था कि जामनगर संयंत्र महाराष्ट्र को मुफ्त में 100 मीट्रिक टन अतिरिक्त ऑक्सीजन की आपूर्ति करेगा। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच स्थिति खराब होती जा रही है। अस्पतालों में ऑक्सिजन सिलिंडर और बेड की भारी कमी है।

सीएम ठाकरे ने पीएम मोदी के लिखी थी चिट्ठी

आपको बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ऑक्सीजन की कमी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी थी और मदद मांगी थी।

बता दें कि महाराष्ट्र कोरोना महामारी की दूसरी लहर में सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। गुजरात में भी कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इन सबके बीच मुकेश अंबानी ने महाराष्ट्र को मुफ्त में ऑक्सीनजन सप्लाई करने का यह बड़ा फैसला लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चार दर्जन से ज्यादा ट्रक अभी फंसे हुए हैं।

आपको बता दें कि कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत ने ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2,17,353 नए मामलों सामने आए हैं और 1,100 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें से महाराष्ट्र ने 58,952 मामले सिर्फ महाराष्ट्र में दर्ज किए गए। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और ठाणे जिले सबसे अधिक प्रभावित जिलों में से हैं। एक दिन में दर्ज संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है।

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर अब 36,39,855 हो गई है, जबकि 59,153 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। देशभर की बात करें तो अब तक 1,42,91,917 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1,74,308 लोगों की मौत हो चुकी है।

Published on: