
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस का संक्रमण जारी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना में 11,067 नए मामले सामने आए हैं। जबकि कोरोना संक्रमण की वजह से 94 लोगों की मंगलवार को मौत हुई है। वहीं देशभर में कुल 66,11,561 कोरोना वारियर्स को इसकी वैक्सीन लगाई गई हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 11,067 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 1,08,58,371 हो गई है। जबकि 94 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,55,252 हो गई है। वर्तमान में देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,41,511 है। कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या 1,05,61,608 हैं।
बता दें कि कोरोना वैक्सीन टीकाकरण महाअभियान के तहत देश में कुल 66,11,561 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। भारत समेत दुनिया भर के 190 से ज्यादा देश कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित हैं। दुनिया में अब तक 10 करोड़ 64 लाख से अधिक लोग कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं।