विविध भारत

Coronavirus: लॉकडाउन के बीच महाराष्ट्र ने उठाया बड़ा कदम, सील कर दी सीमाएं

पड़ोसी राज्यों से शराब की तस्करी ( Liquor Smugglisng ) रोकने के लिए सख्ती। लॉकडाउन ( Coronavirus Lockdown ) के बाद से 2,104 लोगों को किया गिरफ्तार। अब तक 12.63 करोड़ रुपये की शराब व अन्य सामग्री की गई जब्त।
2 min read
• •
Updated: 8 May 2020, 3:44 PM IST
Maharashtra Borders Sealed
Maharashtra Borders Sealed

मुंबई। तालाबंदी के दौरान पड़ोसी राज्यों से शराब की तस्करी ( Liquor Smugglisng ) को रोकने की कड़ी में महाराष्ट्र ( Maharashtra ) ने अपनी सीमाओं को सील कर दिया है। इसके साथ ही एक दर्जन चेकपोस्ट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की है। शुक्रवार को एक अधिकारी ने बताया कि आबकारी विभाग ( Excise Department ) द्वारा यह कदम कुछ कोरोना वायरस संबंधित धाराओं के मद्देनजर आया है, जिसमें शराब की दुकानों को फिर से खोलने की अनुमति शामिल है।

अधिकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में शराब की मांग बढ़ गई है, ऐसे में अंतर-राज्यीय संगठित सिंडिकेट्स द्वारा शराब की तस्करी की संभावना है। इस तरह के सिंडिकेट्स से खतरे को देखते हुए, आबकारी विभाग ने पड़ोसी राज्यों के साथ सीमाओं पर स्थित जिलों में अपने उड़न दस्ते और सतर्कता दल तैनात किए हैं।

उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान किसी भी तस्करी को रोकने के लिए 12 चेकपोस्टों और पड़ोसी राज्यों के साथ सील सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। इससे शराब के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। स्थानीय पुलिस की मदद से आबकारी विभाग ने शराब की तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

मार्च के अंतिम सप्ताह से लागू किए गए लॉकडाउन के बाद अवैध शराब लाने-ले जाने के कम से कम 4829 मामले दर्ज किए गए हैं और 438 वाहनों को जब्त किया गया है।

इसके अलावा इस तरह के मामलों में अब तक कम से कम 2,104 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 12.63 करोड़ रुपये की शराब व अन्य सामग्री को जब्त किया गया है। आबकारी विभाग ने एक नियंत्रण कक्ष भी शुरू किया है, जहां लोग शराब के अवैध निर्माण या बिक्री से संबंधित जानकारी दे सकते हैं।

Updated on:
8 May 2020, 3:44 PM IST
Published on: