
श्रीनगर। घाटी में शांति कायम करने के लिए सुरक्षाकर्मी और प्रशासन लगातार कड़े कदम उठा रहे हैं। उत्तर कश्मीर में प्रशासन ने अब कर्फ्यू लगा दिया है। उत्तर कश्मीर के त्रेह्गम कस्बे में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई थी। जिसके के बाद प्रशासन ने गुरुवार को कर्फ्यू लगा दिया। सड़कों पर विरोध प्रदर्शन के डर के बीच त्रेह्गम में प्रतिबंध लगा दिया गया है और कुपवाड़ा के सीमावर्ती जिले में कानून व व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी स्कूलों व कॉलेजों को बंद कर दिया गया। वहीं प्रशासन ने बारामूला व कुपवाड़ा में एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है।
जम्मू-कश्मीर: एक्शन में आई महबूबा मुफ्ती, बागी विधायकों के खिलाफ करेंगी ऐसी कार्रवाई कि...
बुधवार रात हुई थी युवक की मौत
खबरों के मुताबिक त्रेह्गम कस्बे में सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें एक स्थानीय की मौत हो गई वहीं कई जवान भी घायल हुए। पथराव करने वाली भीड़ के हमले के बाद सेना के गश्ती दल की गोलीबारी में बुधवार की रात 20 वर्षीय खालिद गफ्फार नाम के युवक की मौत हो गई। बता दें कि त्रेह्गम श्रीनगर से 70 किमी दूर है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने एक बयान में कहा कि बुधवार रात करीब 8 बजे 30 से 40 युवाओं की भीड़ ने सेना के गश्ती दल पर पथराव किया। पथराव करने वालों को मौखिक चेतावनी दी गई और हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए दो राउंड हवा में गोली चलाई गई। लेकिन, भीड़ पर कोई असर नहीं हुआ। इस घटना में पांच जवानों को चोटें आईं हैं। उन्होंने कहा, "आखिकार गश्ती दल को अपनी बचाव के लिए आक्रामक भीड़ पर गोली चलानी पड़ी।"
मारा गया एक आतंकी
जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में गुरुवार को मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया है। मुठभेड़ जंगली क्षेत्र में हुई। अधिकारी ने बताया कि सैन्य जवानों के एक गश्ती दल पर गोलीबारी के बाद बुधवार को कुपवाड़ा के कांदी वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलफ अभियान की शुरुआत की।