विविध भारत

दिल्ली: मेट्रो की क्षमता बढ़ाने की तैयारी, सभी सीटों पर बैठकर सफर करने की मिल सकती है अनुमति

Highlights अब मेट्रो की क्षमता बढ़ाने की तैयारी चल रही है। दिल्ली मेट्रो ने सरकार को पाबंदियों में राहत के लिए प्रस्ताव दिया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 21 Feb 2021, 8:36 AM IST
Delhi metro

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में घटते कोरोना संक्रमण को लेकर अब मेट्रो की क्षमता बढ़ाने की तैयारी चल रही है। मेट्रो कोच के अंदर सभी सीटों पर बैठकर सफर की इजाजत मिल सकती है।

आने वाले सोमवार को एलजी की अध्यक्षता में दिल्ली राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में इसपर अंतिम मुहर लग सकती है। बस में पहले ही सभी सीट पर सफर करने की अनुमति दी जा चुकी है।

गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो ने कम होते कोरोना संक्रमण के बीच सरकार को पाबंदियों में राहत के लिए प्रस्ताव दिया है। सूत्रों के अनुसार मेट्रो ने कोविड के कारण लगी पाबंदियों को हटाने की मांग की थी। इस तरह से यात्रियों की संख्या को बढ़ाया जा सकेगा। अभी दिल्ली मेट्रो के अंदर जितनी सीटें हैं, उसमें सभी सीट पर बैठकर सफर करने की इजाजत नहीं है। दो यात्रियों के बीच सीट खाली छोड़ना जरूरी है।

बस में खड़े होकर यात्रा संभव!

दिल्ली सरकार ने मेट्रो के साथ बसों में भी खड़े होकर यात्रा करने की अनुमति का प्रस्ताव डीडीएमए को दिया है। अभी बसों में सीटों के हिसाब से यात्रियों को सफर करने की अनुमति है। बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में सरकार अब खड़े होकर यात्रा की अनुमति देना चाहती है। सोमवार को बैठक में इसपर भी चर्चा होगी।

Published on: