विविध भारत

दिल्ली की इन सीटों पर सबकी टिकी हैं निगाहें, इन पर हो सकता है बड़ा उलटफेर

दिल्ली की 12 सीटों पर हुए हैं बड़े बदलाव, इन सीटों पर होगा दिलचस्प मुकाबला सभी पार्टियों के लिए इन सीटों के परिणाम अहम होंगे।  

3 min read
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे।

नई दिल्ली। आज मतगणना के बाद दिल्ली में तय हो जाएगा कि आखिर किस पार्टी की सरकार बनने वाली है। एक तरफ आम आदमी पार्टी ( Aam Aadmi Party ) दावा कर रही है कि वह पिछली बार की तरह के अपनी जीत हो दोहराएगी। वहीं भाजपा का कहना है कि इस बार दिल्ली में बड़ा उलटफेर होगा। दिल्ली की एक दर्जन विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर सभी दलों की निगाहे हैं। ये सीटें किसी भी पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगी।

द्वारका: इस सीट पर 2015 में आम आदमी पार्टी ( Aam Aadmi Party ) के आदर्श शास्त्री ने लगभग 40 हजार वोटों के भारी अंतर से जीत पाई थी। इस बार यहां पर टिविस्ट देखने को मिल सकता है। आप ने आदर्श शास्त्री का टिकट काट दिया। इसके साथ ही यहां पर समीकरण बदल सकते हैं। आदर्श शास्त्री ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया जबकि आप ने कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा को टिकट दे दिया। वहीं बीजेपी के पूर्व विधायक प्रद्युमन राजपूत मैदान में हैं।

हरि नगर: पश्चिमी दिल्ली की हरि नगर सीट पंजाबी बहुल क्षेत्र है और यहां पिछली बार आप के जगदीप सिंह ने विजय पाई थी। इस बार आप ने जगदीप सिंह की बजाय कांग्रेस से आई राजकुमारी ढिल्लन को उम्मीदवार बना दिया। यहां पेंच यह है कि कांग्रेस ने इलाके के पार्षद को ही उम्मीदवार बनाया है। वहीं बीजेपी ने भी तेजिन्दरपाल बग्गा को टिकट दिया है। इस सीट पर मुकाबला अहम होगा।

शकूरबस्ती: यह सीट इसलिए अहम है, क्योंकि आप से केजरीवाल सरकार के मंत्री सत्येन्द्र जैन मैदान में हैं। पिछली बार उन्होंने महज 3133 वोटों से ही जीत हासिल की थी। इस बार उनके मुकाबले कांग्रेस से विधायक रहे एस.सी. वत्स, बीजेपी के टिकट पर मैदान में हैं। कांग्रेस से देवराज अरोड़ा मैदान में हैं। इस सीट पर शाम पांच बजे के बाद 15 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई है।

मॉडल टाउन: आप से बीजेपी में आए कपिल मिश्रा के मैदान में उतरने की वजह से यहां पर मुकाबला अहम है। आप ने अखिलेशपति त्रिपाठी को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। यहां पर पिछली बार ही त्रिपाठी की जीत का मार्जिन 16 हजार से अधिक वोटों का था लेकिन इस बार बीजेपी और खुद कपिल मिश्रा के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बन गई हैं।

गांधी नगर: इस सीट पर आप का कैंडिडेट तो बदला ही, साथ ही कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली को मैदान में उतारने की वजह से यह हॉट सीट बन गई है। पिछली बार यहां से आप के अनिल वाजेपयी जीते थे, जो इस बार बीजेपी से मैदान में हैं। आप ने नवीन चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। पिछली बार भी आप उम्मीदवार की जीत साढ़े सात हजार से कम वोटों से ही हुई थी।

सीलमपुर: इस सीट पर इसलिए सभी की निगाहे हैं, क्योंकि पिछली बार आप से जीत हासिल करने वाले मोहम्मद इशाक की बजाय पार्टी ने अब्दुल रहमान को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने मतीन अहमद और बीजेपी ने कौशल मिश्रा को टिकट दिया है। इस तरह से आप और बीजेपी दोनों के ही नए उम्मीदवार हैं।

नजफगढ़: कभी किसी विधायक को दोबारा मौका न देने वाली नजफगढ़ सीट पर केजरीवाल सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत मैदान में होंगे। पिछली बार वह महज डेढ़ हजार वोटों से विजयी हुए थे। यह कम अंतर और इस सीट के रिकॉर्ड की वजह से ही लोगों की इस सीट पर निगाहे हैं। इस बार गहलोत के मुकाबले बीजेपी के अजीत खडखड़ी हैं जबकि कांग्रेस के साहिब सिंह यादव मैदान में हैं।

कृष्णा नगर: पिछली बार बीजेपी की सीएम का चेहरा बनी किरण बेदी यहां से खड़ी थीं। यहां से उन्हें आप के एस.के. बग्गा ने ही उन्हें मात दे दी थी। हालांकि जीत हार का अंतर 2277 वोटों का ही था। इस बार कांग्रेस के डॉ. अशोक वालिया और बीजेपी के अनिल गोयल मैदान में हैं।

रोहिणी: यह सीट इसलिए अहम है, क्योंकि बीजेपी को जो तीन सीटें मिली थीं, उनमें से एक सीट यह भी थी। हालांकि यहां भी बीजेपी के विजेन्द्र गुप्ता ने 5367 वोटों से जीत ली थी। लेकिन इसकी एक वजह यह भी मानी जा रही थी कि कांग्रेस ने भी इस सीट पर बेहतर प्रदर्शन किया था। इसकी वजह से आप और कांग्रेस के वोटों का बंटवारा हो गया था।

विश्वास नगर: इस सीट की भी स्थिति रोहिणी की तरह ही रही है। पिछली बार बीजेपी के ओपी.शर्मा ने 10 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। इस बार आप ने दीपक सिंघला को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने नसीब सिंह की जगह गुरचरण सिंह राजू को टिकट दिया है।

मुस्तफाबाद: यह पिछली बार बीजेपी ( BJP )ने जीत हासिल की। यहां पिछली बार बीजेपी छह हजार वोटों से जीती लेकिन दूसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार थे। आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर रह गई थी। इस बार आप ने हाजी यूनुस को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अली मेहंदी को टिकट दिया है।

चांदनी चौक: पुरानी दिल्ली की यह सीट हमेशा से चर्चा में रही है। पिछली बार आप के टिकट पर जीतने वाली अलका लांबा इस बार कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। कांग्रेस के पुराने नेता प्रहलाद सिंह साहनी आप पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने सुमन कुमार गुप्ता को टिकट दिया है। हालांकि इस सीट पर कांग्रेस और आप का दबदबा रहा है।

Updated on:
11 Feb 2020 12:46 pm
Published on:
11 Feb 2020 08:41 am
Also Read
View All