
नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में सोमवार दोपहर से ही बारिश हो रही है। इस कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर के इलाके में कल मंगलवार को भी जोरदार बारिश होगी। इसके अलावा शुक्रवार तक दिल्ली में धूप के साथ बारिश भी होती रहेगी।
मालूम हो कि दिल्ली में मॉनसून ने सामान्य से एक दिन पहले 27 जून को दस्तक दी थी। शुरुआत सामान्य रही, लेकिन कुछ ही दिनों में मॉनसून कमजोर पड़ गया था।
पिछले दो-तीन दिनों से खुशगवार है मौसम
बता दें कि देश के कई हिस्से जहां बाढ़ और भारी बारिश से परेशान है, वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले हफ्ते तक गर्मी और उमस के कारण काफी परेशान थे। पिछले दो-तीन दिनों से दिल्ली का मौसम थोड़ा खुशगवार हुआ है। इसकी वजह यह है कि दिल्ली में बादल छाए हुए हैं और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में कमी आई है। हालांकि आज सुबह भी बारिश से पहले तक दिल्ली का मौसम काफी उमस भरा बना हुआ था।
जलभराव व ट्रैफिक बनी समस्या
बारिश के कारण जहां एक ओर दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों के लोगों को जलभराव और ट्रैफिक की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते शहर के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। जलभराव के चलते शहर के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। इससे रोजमर्रा यात्री बुरी तरह परेशान है। उन्हें दफ्तर से घर जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जाम में फंसी बस
आज की भारी बारिश के कारण मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भर गया था। इस कारण उसमें एक बस फंस गई। हालांकि, बाद में बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।