
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हुई हिंसा में जहां एक ओर दिल्ली (delhi violence) के कई इलाके जल उठे। वहीं, हिंसा में मारे गए दिल्ली पुलिस के जवान रतन लाल (Ratan Lal) के घर कोहराम मच गया। राजस्थान के सीकर (sikar) के रहने वाले रतनलाल अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी मौत की ख़बर जब उनकी पत्नी को मिली तो वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। वहीं, उनकी मां को अभी तक रतन लाल की मौत की ख़बर नहीं दी गई है। इस खबर से तिहावली गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घर वालों के सामने अब सबसे बड़ी समस्या आ खड़ी हुई है कि रतन लाल की मां को उनके जिगर के टुकड़े की मौत की ख़बर कैसे दी जाए। बता दें कि रतन लाल सीकर के रामगढ़ शेखावाटी के तिहावली के रहने वाले हैं। गांव में रतन लाल की मां और भाई परिवार के साथ रहते हैं। एक भाई बेंगलूरु में रहते हैं।
पत्रिका ( patrika ) के पास रतन लाल के घर की एक्सक्लूसिव तस्वीरें हैं। जिसमें वह अपनी पत्नी पूनम, दोनों बेटियों और एक बेटे के साथ खड़े हैं। बता दें कि घटना के वक्त पूनम बच्चों के साथ घर पर ही थीं। इसी दौरान दिल्ली में हिंसा और रतनलाल की मौत की खबर टीवी पर चली। जिसे देखते ही वह अचानक बेसुध होकर धड़ाम से जमीन पर गिर पड़ीं।
1998 में हुए थे पुलिस में भर्ती
जानकारी के मुताबिक रतन लाल 1998 में पुलिस में भर्ती हुए थे। उनकी शिक्षा तिहावली गांव में ही हुई। पुलिस में भर्ती होने का सपना लेकर उन्होंने दिल्ली पुलिस की भर्ती में भाग्य आजमाया तो 1998 में उनका चयन हो गया। शादी के बाद वे दिल्ली में ही परिवार के साथ रहने लगे।
शहीद का दर्जा देने की मांग
दिल्ली के गोकुलपुरी में हुई हिंसा में शहीद हुए सीकर निवासी जवान रतन लाल के गांव वालों ने उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग की है। इसे लेकर ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रतन लाल को शहीद का दर्जा दिया जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को मुआवजा और सरकारी नौकरी के साथ गांव के सरकारी स्कूल और अस्पताल का नामकरण भी रतन लाल के नाम करने की मांग की है।