
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने अंतरराष्ट्रीय हवाला रैकेट पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली और मुंबई में 11 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने 29.19 लाख रुपए बरामद किए गए। वहीं कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक सामान आदि भी जब्त किए गए। दुबई से चल रहे इस हवाला रैकेट में भारतीय कारोबारी पंकज कपूर का नाम सामने आया है।
700 करोड़ के कथित लेनदेन का है मामला
ईडी की यह कार्रवाई दुबई के हवाला कारोबारी, रत्नों के कारोबारी पंकज कपूर और उसके सहयोगियों के बीच हुए 700 करोड़ रुपए के कथित लेनदेन को लेकर की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह लेनदेन कपूर की कंपनी राधिका जेम्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।
जब्त दस्तावेजों में मिली अहम जानकारियां
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ईडी की कार्रवाई के दौरान जब्त दस्तावेजों में हवाला लेनदेन से जुड़ी कई अहम जानकारियां दर्ज हैं। इसके साथ ही करीब 150 शेल कंपनियों के स्टांप भी जब्त किए गए। प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक फिलहाल जांच टीम इन दस्तावेजों की छानबीन कर रही है।
...ऐसे हुई घपलेबाजी!
यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा), 1999 के तहत की जा रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने भारत में नकद पैसे जुटाए और उनसे आयात किए गए हीरों का भुगतान किया। बताया जा रहा है कि इस मामले में ईडी ने दो चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और एक कस्टम हाउस एजेंट के दफ्तरों में भी छापेमारी की गई है। ये वो लोग हैं जिन्होंने शेल कंपनियां बनाने, खातों की देखरेख और कस्टम विभाग के जरिये कपूर की मदद की थी।