विविध भारत

नक्सल रोधी ऑपरेशन में लगे बीएसएफ के हेलिकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी सुरक्षित

यह इमरजेंसी लैंडिंग अरवल और औरंगाबाद की सीमा पर मानिकपुर उपहार गांव के पास एक खेत में करानी पड़ी। घटना दोपहर के समय करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 6:08 PM IST
Emergency Landing
नक्सल रोधी ऑपरेशन में लगे बीएसएफ के हेलिकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी सुरक्षित

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में बुधवार को बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह इमरजेंसी लैंडिंग अरवल और औरंगाबाद की सीमा पर मानिकपुर उपहार गांव के पास एक खेत में करानी पड़ी। घटना दोपहर के समय करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। इमरजेंसी लैंडिंग की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी तुरंत मौके पर पहुंच गया।

सुरक्षित हैं हेलिकॉप्टर और सभी सवारियां

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस हेलिकॉप्टर में सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के अधिकारियों समेत नौ लोग मौजूद थे। सभी नौ लोग फिलहाल सुरक्षित हैं और हेलिकॉप्टर को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। यह हेलिकॉप्टर जवानों की रूटीन उड़ान में तैनात था।

ये अधिकारी थे हेलिकॉप्टर में

अधिकारी में सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (सेंट्रल जोन) कुलदीप सिंह और बिहार सेक्टर के महानिरीक्षक चारू सिन्हा के साथ-साथ कमांडिंग ऑफिसर और स्थानीय पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। ये नक्सल रोधी ऑपरेशन ग्रिड में शामिल थे और इन्हें माओवाद प्रभावित राज्यों में तैनात किया गया है। एडीजी सिंह इस यूनिट के प्रमुख हैं।

एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए जा रहा था हेलिकॉप्टर

ध्रुव नाम का यह एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर नक्सल रोधी अभियान में तैनात था। ये सभी अधिकारी कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन) कैंप में शामिल होने के लिए गया जिले के बाराचट्टी स्थित भलुही जा रहे थे। गौरतलब है कि कोबरा सीआरपीएफ की एलिट जंगल वॉरफेयर यूनिट है। इसी दौरान यह घटना हुई, जिसके बाद सभी अधिकारियों को सड़क मार्ग से कैंप तक भेजा गया।

Published on: