
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और इस बाबत सुप्रीम कोर्ट ने भी केंद्र और दिल्ली सरकार को कोई ठोस कदम नहीं उठाने के कारण फटकार भी लगा चुकी है। हालांकि दीपावली के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ने की संभावनाओं के बीच एक अहम कदम उठाया गया है। दरअसल राष्ट्रीय राजधानी में आठ नवंबर से लेकर 10 नवंबर तक ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करने वाले ट्रक को इस प्रतिबंध से छूट दिया गया है। बता दें कि यह फैसाल सर्वोच्च न्यायालय से अधिकार प्राप्त पर्यावरण प्रदूषण (नियंत्रण एवं रोकथाम) प्राधिकरण (ईपीसीए) ने किया है।
कई राज्यों में दिशानिर्देश जारी
आपको बता दें कि इस संबंध में कई राज्यों में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ईपीसीए ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के मुख्य सचिवों को इस बाबत दिशानिर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने राज्यों को लिखे पत्र में ट्रांसपोर्टरों एवं पुलिस से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ट्रक दिल्ली में प्रवेश न करें। पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार के अधिकारी लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक करें और कहें कि इस अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति डीजल कार का इस्तेमाल न करें। ईपीसीए के चेयरमैन भूरे लाल ने कहा है कि हवा की गुणवत्ता पर निगरानी रखने वाली संस्था 'सफर' ने कहा है कि दिपावली के बाद आठ नवंबर से हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो सकती है। इस अनुमान और सीपीसीबी के कार्यबल की सिफारिश के आधार पर ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।