विविध भारत

लॉकडाउन के बीच तेलुगु अभिनेता शिवाजी राजा अस्पताल में भर्ती

तेलुगु फिल्म अभिनेता शिवाजी राजा की देर रात बिगड़ी तबीयत। सीने में दर्द की शिकायत के बाद स्टार अस्पताल में भर्ती कराया। 400 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं शिवाजी राजा।
2 min read
• •
Updated: 6 May 2020, 9:47 AM IST
Shivaji Raja (File Photo)
Shivaji Raja (File Photo)

हैदराबाद। देश भर में लागू कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच मंगलवार को मशहूर फिल्म अभिनेता की तबीयत बिगड़ गई। तेलुगु फिल्मों के अभिनेता शिवाजी राजा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद मंगलवार को हैदराबाद के स्टार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जानकारी के मुताबिक शिवाजी राजा को बंजारा हिल्स स्थित स्टार अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया। उनके दोस्त सुरेश कोंडेती के मुताबिक, रक्तचाप कम होने के बाद अभिनेता को दिल का दौरा पड़ा था। अभिनेता की हालत स्थिर है, हालांकि वह अभी भी आईसीयू में है।

आंध्र प्रदेशके भीमावरम में 26 फरवरी 1962 को जन्में शिवाजी राजा को सुब्बा राजू के नाम से भी जाना जाता है। एक्टर और प्रोड्यूसर शिवाजी राजा ने अब तक 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

इसके अलावा राजा अमृतम, आलस्यम अमृतम विषम, मिस्टर रोमियो, पांडु मीरापकई, पापम पद्मनाभम और मोगड्स पेल्लम्स जैसे टेलीविजन धारावाहिकों में भी काम कर चुके हैं। राजा को चार बार नंदी अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

बता दें कि तेलंगाना सरकार ने प्रदेश में लॉकडाउन को आगामी 29 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। तेलंगाना सरकार ने मंगलवार को कहा कि जब प्रदेश ने COVID-19 के प्रसार को नियंत्रित करने में काफी प्रगति की है, वह ऐसे समय में लॉकडाउन हटा कर जोखिम मोल नहीं ले सकते।

इस तरह तेलंगाना देश में पहला राज्य बन गया है, जिसने केंद्र द्वारा घोषित 17 मई तक के लॉकडाउन के बाद भी उसे जारी रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मंगलवार रात एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।

राज्य में लॉकडाउन 7 मई को समाप्त होना था, लेकिन मंत्रिमंडल ने इसे अतिरिक्त 22 दिन बढ़ाने का निर्णय लिया। राज्य सरकार ने हैदराबाद और पांच अन्य रेड जोन जिलों में किसी तरह की छूूट नहीं देने का भी निर्णय लिया।

Updated on:
6 May 2020, 9:47 AM IST
Published on: